परिवार नहीं माना तो मौत को चुना: प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, शव GMC भेजे गए, सुसाइड नोट बरामद
जम्मू के बिश्नाह निवासी कर्ष भगत (26) और मीरां साहिब की मधुबाला (25) एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का सपना देख रहे थे। दोनों शादी कर एक होना चाहते थे लेकिन उनके इस रिश्ते के बीच परिवार और समाज की पुरानी सोच दीवार बनकर खड़ी हो गई। दोनों ने समाज के ताने-बाने से हारकर मौत को गले लगा लिया। दोनों ने बाड़ी ब्राह्मणा में रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर जम्मू से पटना जाने वाली ट्रेन के आगे कूद कर खुदकुशी की। घटना स्थल से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। सूत्रों के अनुसार दोनों ने अपने-अपने परिजन को मनाने की हर संभव कोशिश की लेकिन जब रूढ़िवादी बेड़ियां नहीं टूटीं तो उन्होंने साथ जीने के बजाय साथ मरने का आत्मघाती फैसला कर लिया। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और शादी करना चाहते थे। बताया जाता है कि खुदकुशी करने से पहले दोनों काफी देर तक रेलवे ट्रैक के पास घूमते रहे। शाम ढलते ही जैसे ही जम्मू से पटना जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस आती दिखी तो उन्होंने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। पलक झपकते ही दोनों की जीवन लीला समाप्त हो गई। रविवार शाम को दोनों के शव बाड़ी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर दूर रतनू चक इलाके में पिलर नंबर 91 के पास पड़े मिले। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी जम्मू भेज दिया है। देर रात तक परिवार के सदस्य भी जीएमसी अस्पताल में नहीं पहुंचे थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 07:44 IST
परिवार नहीं माना तो मौत को चुना: प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, शव GMC भेजे गए, सुसाइड नोट बरामद #CityStates #Jammu #SubahSamachar
