पंचायत चुनाव पर कांग्रेस सरकार को अदालत ने दिखाया आईना : काजल
कांगड़ा। विधायक पवन काजल ने कहा है कि न्यायपालिका ने 31 मई तक पंचायत चुनाव करवाने का आदेश देकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आईना दिखाया है। शुक्रवार को मटौर में सतगुरु महिला मंडल जटेहड़ (पलेरा) के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आपदा अधिनियम की आड़ में चुनाव टालने का प्रयास कर रही थी।काजल ने कहा कि सरकार तीन साल में अपने वादे पूरे करने में विफल रही है, जिसका खामियाजा उसे पंचायत और निकाय चुनावों में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार की फिजूलखर्ची और प्रशासनिक विफलता के कारण केंद्रीय फंडिंग रुकी है। वहीं, केंद्रीय बजट को उन्होंने गरीब और किसान हितैषी बताया।विधायक ने चंगर क्षेत्र की तीन पीएचसी बंद करने पर रोष जताया और कहा कि आगामी बजट सत्र में वे क्षेत्र के ठप विकास कार्यों का मुद्दा उठाएंगे। इस अवसर पर सपना, मीना कुमारी, रंजना, सुषमा अर्पणा, रीना, रीता देवी, नीना, विजय कुमार, मंडल भाजपा अध्यक्ष अशोक, रंजीत और सत प्रकाश सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 13, 2026, 20:43 IST
पंचायत चुनाव पर कांग्रेस सरकार को अदालत ने दिखाया आईना : काजल #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
