'विपक्ष को निशाना बनाना बंद करें': सीपीआई नेता राजा ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, भारत-चीन विवाद पर क्या कहा?

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के महासचिव डी. राजा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सामने मौजूद मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय विपक्षी नेताओं को निशाना बना रहे हैं। साथ ही, उन्होंने भरोसा जताया कि भारत और चीन बातचीत और कूटनीति के जरिए अपने विवाद सुलझा सकते हैं। राजा ने क्या कहा राजा ने कहा कि भारत और चीन अपने मतभेदों को दूर करने के लिए बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कई क्षेत्रों में अपने अनुभव और सहयोग के आधार पर, दोनों देश कूटनीति के जरिए अपने विवादों का समाधान निकाल सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ राजनीतिक बयानबाजी में उलझने के बजाय, देश के भीतर और वैश्विक स्तर की चुनौतियों पर ध्यान दें।वे भारत के प्रधानमंत्री हैं। उन्हें यह बात समझनी चाहिए। चीन को लेकर क्या कहा उन्होंने आगे कहा, 'ये बातें सार्वजनिक रूप से सामने आ रही हैं। मुझे पता है कि भारत सरकार इन समस्याओं से वाकिफ है। भारत और चीन के बीच बातचीत चल रही है, और वे बातचीत और कूटनीति के जरिए समस्याओं को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। हमें थोड़ा इंतजार करना चाहिए, क्योंकि दोनों पड़ोसी देश हैं, कई क्षेत्रों में एक-दूसरे के साथ सहयोग कर रहे हैं, और भारत-चीन के बीच आर्थिक सहयोग भी बढ़ रहा है। जो भी विवाद सामने आते हैं, दोनों देशों के पास इतनी परिपक्वता और अनुभव है कि वे बातचीत के जरिए उन्हें सुलझा सकें।' कांग्रेस सांसद ने क्या कहा कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर चीन के सामने झुकने और सीमा पर तनाव के मुद्दे पर चुप रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश में भारत ने कुछ पेट्रोलिंग पॉइंट (गश्त वाले स्थान) खो दिए हैं। रमेश ने कहा कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक ने अरुणाचल प्रदेश में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के साथ हाल ही में हुई झड़पों के दौरान अपने बल के प्रदर्शन की तारीफ की है। वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और उनकी सरकार इस पूरे मामले पर पूरी तरह खामोश है। कांग्रेस नेता ने अरुणाचल प्रदेश में चीन द्वारा कुछ जगहों के नाम बदलने और 60,000 मेगावाट क्षमता वाले बांध के निर्माण पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे भारत की पारिस्थितिक (इकोलॉजिकल) और जल सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो गया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 23, 2026, 08:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




'विपक्ष को निशाना बनाना बंद करें': सीपीआई नेता राजा ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, भारत-चीन विवाद पर क्या कहा? #IndiaNews #National #PmModi #Cpi #DRajaCpi #CpiOnPmModi #IndiaChina #IndiaChinaRelations #SubahSamachar