क्रिकेट प्रतियोगिता : एमकॉम को हराकर लैंग्वेज विभाग बना चैंपियन
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला में आयोजित चार दिवसीय अंतर-विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में लैंग्वेज विभाग ने बाजी मारी। रोमांचक खिताबी भिड़ंत में लैंग्वेज विभाग ने एमकॉम विभाग को हराकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की।टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे। पहले सेमीफाइनल में लैंग्वेज विभाग ने मैथ विभाग को शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में एमकॉम ने इतिहास विभाग को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए एमकॉम विभाग की टीम ने 75 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में लैंग्वेज विभाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मात्र 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए बिंदु ठाकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। समापन समारोह में मुख्यातिथि क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला के निदेशक कुलदीप अत्री ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा निदेशक अश्वनी लखनपाल, स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज के प्रिंसिपल प्रो. धर्म प्रकाश वर्मा सहित प्रो. संजीव डढवाल, प्रो. किशोर, प्रो. हेतराम और प्रो. संदीप मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 25, 2026, 17:51 IST
क्रिकेट प्रतियोगिता : एमकॉम को हराकर लैंग्वेज विभाग बना चैंपियन #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
