Agra News: करोड़ों रुपये जारी, अब रफ्तार पकड़ेगा ग्वालियर रोड का काम
आगरा। लंबे समय से सुस्त पड़ी आगरा-ग्वालियर रोड की महत्वाकांक्षी ग्रीनफील्ड सिक्स-लेन राजमार्ग परियोजना अब तेजी से परवान चढ़ेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसके लिए करोड़ों रुपये जारी किए हैं। साथ ही, जिला प्रशासन से संपर्क कर मुआवजा वितरण प्रक्रिया जल्द पूरी करने और भूमि पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।यह नवीन सिक्स-लेन राजमार्ग आगरा से शुरू होकर धौलपुर और मुरैना होते हुए ग्वालियर में समाप्त होगा। मुआवजा वितरण में उपजे विवाद से लुहैटा समेत कई क्षेत्रों में काम अटक गया था। कम मुआवजे का हवाला देकर कई भू-स्वामियों ने कोर्ट का रुख किया, जिससे लंबी कानूनी लड़ाई चली। अब जिला प्रशासन और एनएचएआई किसानों को उचित मुआवजा देने पर सहमत हो गए हैं।एनएचएआई ग्वालियर खंड के परियोजना निदेशक भरत सिंह ने बताया कि मुआवजा वितरित करने के लिए 18.14 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इससे पहले 144 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि पात्र भू-स्वामियों को मुआवजा राशि का वितरण अतिशीघ्र सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा, आर्बिट्रेटर (मध्यस्थ अपर आयुक्त आगरा मंडल) की ओर से पारित आदेशों के संशोधित अवार्ड से जुड़े मामलों का भी निस्तारण कर राशि जमा कराने को कहा गया है।निधि जारी होने और प्रशासनिक सक्रियता बढ़ने से अब यह उम्मीद बंध गई है कि आगरा-ग्वालियर रोड का निर्माण कार्य जल्द ही धरातल पर तेजी से आगे बढ़ेगा। इससे लोगों को सुगम और आधुनिक यातायात की बेहतरीन सुविधा मिल सकेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 08, 2026, 02:30 IST
Agra News: करोड़ों रुपये जारी, अब रफ्तार पकड़ेगा ग्वालियर रोड का काम #CroresOfRupeesReleased;WorkOnGwaliorRoadToPickUpPaceNow #SubahSamachar
