Noida News: दिवाली से पहले बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
माई सिटी रिपोर्टरनोएडा। दिवाली से एक दिन पहले शनिवार को भी बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। फूल-माला, झालर समेत सजावट के अन्य सामान की खूब बिक्री हुई। सेक्टर-119 में फूलों की माला बेच रहे दुकानदार साहिल ने बताया कि गेंदा की माला 20 से 50 रुपये, गुलाब की माला 50 से 100 रुपये तक बिकी। फूलों की लंबी लड़ियां 100 से 250 रुपये तक बिकीं। कमल का फूल 30 से 50 रुपये प्रति नग बिका।दूसरी ओर, पूजा के लिए हाथी-घोड़े, मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, खील, बताशे, लईया और गट्टे की भी मांग रही। सेक्टर-18 के दुकानदार रमेश शर्मा ने बताया कि खील और बताशे 60 से 100 रुपये किलो बिके। लईया 80 से 120 रुपये और गट्टे 50 से 80 रुपये किलो बिके। हाथी-घोड़े और मिट्टी के खिलौने 20 से 100 रुपये प्रति किलो बिके।घरों की बालकनी और आंगन रोशन करने के लिए भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। रंग-बिरंगी झालरों, एलईडी लाइटों, इलेक्ट्रिक कंदील और सजावटी लाइटों की बिक्री देर शाम तक जारी रही। झालरें 50 से 300 रुपये और आकर्षक डिजाइन वाली लाइटें 200 से 800 रुपये तक बिकीं। बाजारों में लोगों ने पूजा और सजावट का सामान जुटा लिया है। दिवाली के दिन मिठाई, फूल, दीये और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए सुबह से बाजारों में रौनक रहने की उम्मीद है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 16:00 IST
Noida News: दिवाली से पहले बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़ #CrowdsOfShoppersThrongTheMarketsAheadOfDiwali #SubahSamachar
