Bihar News: 'बम सेट कर दिया है, पेमेंट कर दो', व्यवसायी को धमकी भरा कॉल, पुलिस जांच में जुटी
दरभंगा। जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी को धमकी भरा फोन कॉल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कॉल करने वाले ने खुद को पाकिस्तान से बोलने वाला बताया और कहा कि “बम सेट कर दिया गया है, जल्दी से पेमेंट कर दो।” इस मामले में व्यवसायी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। शाम को आया था कॉल मिली जानकारी के अनुसार, सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के व्यवसायी अंजय राय (अंजय कुमार) को 5 फरवरी की शाम करीब 4 बजकर 59 मिनट पर मोबाइल नंबर 916546359099 से कॉल आया। फोन करने वाले ने पहले “अस्सलामुअलैकुम” कहा और फिर बोला कि “बम सेट कर दिया गया है, पेमेंट कर दीजिए।” यह सुनते ही व्यवसायी घबरा गए। व्यवसायी ने जब कॉल करने वाले से पूछा कि वह कहां से बोल रहा है, तो उसने कहा कि वह पाकिस्तान से बोल रहा है। इस पर व्यवसायी ने जवाब दिया कि यह भारत है, पाकिस्तान नहीं। इतना कहते ही दूसरी तरफ से कॉल काट दिया गया। पढ़ें-Bihar :श्रेयसी सिंह ने तेजस्वी यादव को दी सलाह, कहा- हार की करें समीक्षा, सदन में विपक्ष न हों अमर्यादित पुलिस ने शुरू की जांच घटना के बाद व्यवसायी अंजय राय ने सिंहवाड़ा थाना में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच की मांग की। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और कॉल करने वाले नंबर की जांच शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने बताया कि व्यवसायी से मिले आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और जिस नंबर से कॉल आया है, उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मोबाइल धारक का पता लगाने के साथ-साथ तकनीकी जांच भी की जा रही है। वहीं एसडीपीओ-2 शुभेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कॉल डिटेल और तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही कॉल रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कॉल किसने किया और इसके पीछे क्या मकसद था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 06, 2026, 22:17 IST
Bihar News: 'बम सेट कर दिया है, पेमेंट कर दो', व्यवसायी को धमकी भरा कॉल, पुलिस जांच में जुटी #CityStates #Bihar #Darbhanga #BiharNews #SubahSamachar
