Meerut News: नालियों में गंदगी बहा रहे डेयरी संचालक, राहगीर परेशान
जसड़ सुल्तानपुर के ग्रामीणों ने एसडीएम से की शिकायत, कार्रवाई की मांग -सड़क किनारे बनी डेयरी से हो रही परेशानी संवाद न्यूज एजेंसीसरधना। तहसील क्षेत्र के गांव जसड़ सुल्ताननगर में सड़क पर डेयरी संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर डेयरी को आबादी क्षेत्र से हटवाने और सड़क से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि डेयरी के कारण सड़क पर गंदगी फैल रही है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव जसड़ सुल्ताननगर के ग्रामीणों ने एसडीएम के यहां दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने सड़क पर डेयरी बना ली है। डेयरी के पशुओं का मल-मूत्र, आदि नाली में बहा दिया जाता है। जिससे आसपास गंदगी फैल जाती है।राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी होती है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि डेयरी संचालक ने सड़क पर दीवार खड़ी कर दी है, जिससे रास्ता संकरा हो गया है। इससे वाहनों और पैदल चलने वालों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। विरोध करने पर वह झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने, सड़क से अतिक्रमण हटवाने और डेयरी को आबादी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में कामिल, असगर, परवेज, शहजाद, रिजवान आदि ग्रामीण शामिल रहे। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने तहसील टीम व एसओ सरूरपुर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 11, 2026, 17:41 IST
Meerut News: नालियों में गंदगी बहा रहे डेयरी संचालक, राहगीर परेशान #DairyOperatorsDumpingWasteIntoDrains #DisturbingPassersby #SubahSamachar
