खून से लाल हुए 'खून' के रिश्ते: जेवरों के बंटवारे में छोटे भाई ने बड़े पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर
जिले के दमोह देहात थाना क्षेत्र की नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत आने वाले सीतानगर में मंगलवार सुबह पारिवारिक संपत्ति और सोने-चांदी के जेवरों के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है, घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सीतानगर निवासी 53 वर्षीय अशरफ खान पिता मेहरून सुल्तान खान का अपने सगे भाई जलील खान से परिवार में रखे सोने-चांदी के जेवरात और अन्य संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। घायल अशरफ खान ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान हजरत खान और हल्ले खान ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि इसी बीच जलील खान ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अशरफ खान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। ये भी पढ़ें:Damoh:इंस्टाग्राम पर 'हिंदू' बनकर नाबालिग से बढ़ाई नजदीकी; पहचान खुलते ही मचा बवाल, धर्मांतरण की थी तैयारी जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे भर्ती कर लिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. दिवाकर पटेल ने बताया कि घायल का उपचार जारी है तथा चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों भाई एक ही परिवार में साथ रहते थे, लेकिन संपत्ति और जेवरों के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ था। मंगलवार को यही विवाद इस हद तक बढ़ गया कि मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया। परिवार के भीतर हुए इस खूनी संघर्ष ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 16, 2026, 22:14 IST
खून से लाल हुए 'खून' के रिश्ते: जेवरों के बंटवारे में छोटे भाई ने बड़े पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर #CityStates #MadhyaPradesh #Damoh #SubahSamachar
