Dausa Bus Fire: दौसा बस अग्निकांड ने ताजा किए पुराने जख्म, 2 साल में राजस्थान देखा चाैथा बड़ा अग्निकांड
दौसा में बुधवार तड़के हुए भीषण बस हादसे में आठ लोगों की मौत ने एक बार फिर पूरे राजस्थान को झकझोर दिया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग में कई यात्रियों की जान चली गई। इस हादसे ने प्रदेश में पिछले 4 साल के दौरान हुए उन दर्दनाक सड़क अग्निकांडों की यादें ताजा कर दी हैं, जिनमें दर्जनों लोग जिंदा जल गए थे। भांकरोटा गैस टैंकर हादसा: हाईवे पर मचा था मौत का तांडव 20 दिसंबर 2024, शुक्रवार की सुबह करीब 5:45 बजे जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भांकरोटा के पास एलपीजी गैस से भरे टैंकर और एक अन्य वाहन की टक्कर ने पूरे प्रदेश को दहला दिया था। टक्कर के बाद हुए विस्फोट से आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास गुजर रहे कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। कई लोग अपने वाहनों में ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस भीषण हादसे में 20 लोगों की मौत हुई थी। आज भी भांकरोटा हादसा राजस्थान के सबसे भयावह सड़क हादसों में गिना जाता है। यह भी पढें-Rajasthan Bus Accident:पिता से कहा सुबह लौट रही हूं, लेकिन आई मौत की मनहूस खबर; इंदौर की भूमि की हो गई मौत जैसलमेर बस अग्निकांड: कुछ मिनटों में राख हो गई पूरी बस भांकरोटा हादसे के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि 14 अक्टूबर 2025, मंगलवार को जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर थैयात गांव के पास एक और बड़ा अग्निकांड हो गया। दोपहर करीब 3:30 बजे जैसलमेर से जोधपुर जा रही निजी एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में 21 से अधिक यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। बाद की जांच में बस की बॉडी निर्माण और सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां सामने आई थीं। बालोतरा में स्कॉर्पियो बनी चार दोस्तों की चिता जैसलमेर हादसे के महज दो दिन बाद, 16 अक्टूबर 2025 को तड़के करीब 1:30 बजे बालोतरा जिले के सिंधरी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। स्कॉर्पियो और ट्रेलर की टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई। स्कॉर्पियो में सवार चार दोस्त बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। हादसा इतना भयावह था कि शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। अब दौसा में फिर दोहराया दर्दनाक मंजर अब दौसा में हुए ताजा बस अग्निकांड ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों में आग लगने की घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले डेढ़ साल में राजस्थान ने कई ऐसे हादसे देखे हैं, जिनमें सड़क पर दौड़ते वाहन कुछ ही मिनटों में लोगों की चिता बन गए। भांकरोटा, जैसलमेर, बालोतरा और अब दौसा-इन घटनाओं ने यह संकेत दिया है कि सड़क हादसों के बाद लगने वाली आग यात्रियों के लिए सबसे बड़ा खतरा बनती जा रही है। 2 साल में राजस्थान का चौथा बड़ा अग्निकांड 20 दिसंबर 2024, भांकरोटा (जयपुर): एलपीजी टैंकर विस्फोट के बाद लगी आग में 20 लोगों की मौत। 14 अक्टूबर 2025, जैसलमेर: एसी स्लीपर बस में आग लगने से 21 से अधिक यात्री जिंदा जले। 16 अक्टूबर 2025, बालोतरा: ट्रेलर से टकराने के बाद स्कॉर्पियो में आग लगी, चार दोस्तों की मौत। 2 जुलाई 2026, दौसा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से आठ यात्रियों की मौत।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 17:11 IST
Dausa Bus Fire: दौसा बस अग्निकांड ने ताजा किए पुराने जख्म, 2 साल में राजस्थान देखा चाैथा बड़ा अग्निकांड #CityStates #Jaipur #Rajasthan #DausaBusAccident #DausaBusFire #RajasthanRoadAccident #RajasthanBusFire #DelhiMumbaiExpresswayAccident #SubahSamachar
