Ayodhya News: कैंसर रोगियों का दर्द कम करेगा डे केयर सेंटर

सतीश पाठकअयोध्या। देश के विभिन्न इलाकों में कैंसर संबंधी इलाज करा रहे रोगियों का भविष्य में दर्द कम हो सकेगा। इसके लिए अयोध्या समेत प्रदेश के 67 जिलों में डे केयर कैंसर सेंटर खोलने की तैयारी है। मेडिकल कॉलेज में इसके लिए जगह चिह्नित करके नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।जिले में कैंसर के इलाज के लिए अब तक ठोस व्यवस्था नहीं थी। कुछ दिन पहले मेडिकल कॉलेज के रेडियोथेरेपी विभाग में डॉ. धीरेंद्र सचान की तैनाती के बाद निजी स्तर पर ओपीडी सेवाएं शुरू की गई हैं। आगे के इलाज के लिए गंभीर रोगी बड़े संस्थानों पर निर्भर हैं। वहां एक बार इलाज के बाद फॉलोअप के लिए उन्हें बार-बार चक्कर लगाना पड़ता है। इससे संबंधित संस्थान पर रोगियों का भार बरकरार रहता है। साथ ही रोगियों को भी अनायास की भागदौड़ करनी पड़ती है।इससे राहत के लिए 30 जुलाई, 2025 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक ने प्रदेश के 67 जिलों में डे केयर कैंसर सेंटर खोलने का निर्णय लिया था। इसके लिए सभी सीएमओ और मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य को पत्र लिखकर स्थान की उपलब्धता का विवरण देने और नोडल अधिकारी नामित करके सूचना भेजने को कहा गया था।सात अगस्त, 2025 को जिला महिला अस्पताल में जगह चिह्नित करके अधीक्षक डॉ. आशाराम को नोडल अधिकारी बनाया गया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में ही यूनिट खोलने की योजना बनी। इसके लिए जगह चिह्नित करते हुए नोडल अधिकारी नामित किए गए और 31 दिसंबर को इसकी रिपोर्ट मिशन निदेशक को भेज दी गई। हालांकि, तभी से प्रक्रिया लंबित है।इन्हें बनाया गया है नोडल अधिकारीमेडical कॉलेज के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के डॉ. धीरेंद्र सचान को ही डे केयर कैंसर सेंटर का नोडल बनाया गया है। उनके साथ जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. ए अहमद खान और रेडियोथेरेपी विभाग के डॉ. नितिन को शामिल किया गया है।मिलेंगी यह सुविधाएंडे केयर सेंटर में चार से 10 बेड का वार्ड बनेगा। प्रशिक्षित डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी की तैनाती होगी, जो कैंसर रोगियों को परामर्श के साथ इलाज करेंगे। पूर्व में किसी भी संस्थान से इलाज कराने वाले कैंसर रोगियों की निगरानी की जाएगी। पूर्व के परामर्श के अनुरूप उनकी कीमोथेरेपी होगी। रूटीन परीक्षण व कीमोथेरेपी के लिए उन्हें संबंधित संस्थान का चक्कर नहीं लगाना होगा। एनएचएम की ओर से आधुनिक संसाधन और प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरेंद्र सचान ने बताया कि अस्पताल में यह इकाई कैंसर रोगियों के लिए संजीवनी साबित होगी।सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने बताया कि मिशन निदेशक के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज में डे केयर कैंसर सेंटर के लिए जगह चिह्नित की गई है। इसे स्थापित करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। शासन के अग्रिम निर्देशों का अनुपालन कराया जाएगा। इससे कैंसर रोगियों के इलाज में सहूलियत मिलेगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 25, 2026, 21:18 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ayodhya News: कैंसर रोगियों का दर्द कम करेगा डे केयर सेंटर #DayCareCenterWillEaseThePainOfCancerPatients #SubahSamachar