Yamuna Nagar News: स्कूल बसों की फिटनेस पर डीसी सख्त, आरटीए कर्मचारी को बैठक से किया बाहर

यमुनानगर। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले स्कूल बसों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जिला प्रशासन सख्त हो गया है। बुधवार को जिला सचिवालय में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त प्रीति ने स्कूल बसों की जांच की धीमी गति पर नाराजगी जताई। एक जुलाई से नया शैक्षणिक सत्र शुरु होने वाला है, ऐसे में एक माह में अब तक 950 बसों में से 403 बसों की ही जांच होने पर उन्होेंने अधिकारियों से जवाब तलब किया। बैठक में एसपी कमलदीप गोयल और डीटीओ हैरतजीत कौर ने भी सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों से बातचीत मेंसामने आया कि जिले में संचालित करीब 950 स्कूल बसों में से अब तक केवल 403 बसों की ही जांच की जा सकी है। इस पर उपायुक्त ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक महीने में 403 बसों की जांच हो पाई है तो शेष 547 बसों की जांच मात्र एक सप्ताह में कैसे पूरी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जून तक सभी स्कूल बसों की अनिवार्य रूप से जांच सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि एक जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होनी है और विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग और संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर अभियान तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में बसों की फिटनेस, स्पीड गवर्नर, जीपीएस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, फायर एक्सटिंग्विशर, प्राथमिक उपचार किट और चालक-परिचालकों के दस्तावेजों की जांच पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने वाली बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बिना जांच और फिटनेस प्रमाणपत्र के किसी भी स्कूल बस को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा जांच प्रक्रिया की दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि स्कूल खुलने से पहले सभी बसें सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जा सकें। संवाद---------- लापरवाही बरतने पर डीसी ने की कार्रवाईजिला सचिवालय में आयोजित रोड सेफ्टी समिति की बैठक के दौरान उपायुक्त प्रीति ने कार्य में लापरवाही बरतने पर आरटीए कार्यालय के एक कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाई। बैठक में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और कार्य प्रगति पर स्पष्ट जानकारी न देने पर डीसी नाराज हो गईं। उन्होंने कर्मचारी को चेतावनी देते हुए तत्काल बैठक कक्ष से बाहर जाने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।----------गाबा अस्पताल से कमानी चौक तक अतिक्रमण हटाने के निर्देशबैठक में उपायुक्त प्रीति ने शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए गाबा अस्पताल से कमानी चौक तक सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को जल्द हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम और यातायात पुलिस को संयुक्त अभियान चलाने को कहा। डीसी ने बताया कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही अधूरे डिवाइडर निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 25, 2026, 01:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: स्कूल बसों की फिटनेस पर डीसी सख्त, आरटीए कर्मचारी को बैठक से किया बाहर #DCStrictOnFitnessOfSchoolBuses #RTAEmployeeThrownOutOfMeeting #SubahSamachar