UP: उपचार के लिए ले जाते समय कैदी की मौत, परिजन ने जताई हत्या की आशंका; मिली थी आजीवन कारावास की सजा
हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की तबीयत खराब हो गई। सीने में दर्द की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था। रास्ते में कैदी की सांसें थम गईं। सूचना पर पहुंचे परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। कोतवाली देहात के गांव बिजौरी निवासी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि भाई जितेंद्र सिंह (53) को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई था। परिजन शुक्रवार को मुलाकात करके भी गए थे। लोगों से पता चला कि शनिवार को उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई है। जबकि, जेल प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की सूचना भी हम लोगों को नहीं दी गई। मृतक के बेटे संदीप ने हत्या की आशंका जताई है। रोते हुए बताया कि कल तक पिता से बात हुई है। उन्होंने शुक्रवार की शाम को फोन कॉल के माध्यम से बात हुई तो बताया कि यहां लड़ाई हो गई है। शनिवार को पता चला उस समय कासगंज में था। यहां आकर देखा तो पिता का शव पोस्टमार्टम हाउस के बाहर रखा हुआ था। परिजन ने डेढ़ घंटे तक हंगामा किया जितेंद्र की मौत के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। मृतक के भाई व बेटे ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। परिजन ने शव को बाहर ही रखकर हंगामा करना शुरू कर दिया। जानकारी मिलते ही सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड और गजेंद्र सिंह चौहान पोस्टमार्टम हाउस आ गए। लोगों को समझाने का प्रयास किया मगर नहीं माने और लगभग डेढ़ घंटे तक हंगामा किया। घटना की निष्पक्षता से जांच कराने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पूरी करने का आश्वासन लेने के बाद ही परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 21, 2026, 15:55 IST
UP: उपचार के लिए ले जाते समय कैदी की मौत, परिजन ने जताई हत्या की आशंका; मिली थी आजीवन कारावास की सजा #CityStates #Etah #UpPolice #SubahSamachar
