देहरादून: जमीन बेचकर लौट रहे व्यक्ति से 14 लाख की लूट, मारपीट कर छीना रुपयों से भरा थैला
जमीन का सौदा कर 14 लाख रुपये लेकर लौट रहे एक व्यक्ति को छोटी दिवाली की शाम हमलावरों ने निशाना बना लिया। पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास बाइक और एक्टिवा सवार पांच-छह युवकों ने उनका वाहन घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ मारपीट की और पिछली सीट पर रखा 14 लाख रुपये से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच-छह लोगों के खिलाफ लूट और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, रायवाला के हरिपुर कलां स्थित राणा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार सोनी (45) शनिवार को पथरी बाग में एक प्लॉट के सौदे के सिलसिले में दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे थे। उनके साथ दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर भी वाहन में सवार थे। दोपहर करीब 3:40 बजे उनका वाहन इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर आए युवकों ने वाहन को घेर लिया। सावधान: दीवाली धमाका सेल के नाम पर साइबर ठगी का खेल, ऐसे शिकार बना रहे जालसाज, इन बातों का रखें ध्यान आरोप है कि हमलावरों ने वाहन सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा थैला उठा लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जांच में सामने आए तीन नाम राजेश कुमार सोनी ने अपनी तहरीर में सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया और दीपक सिंह शेखावत को नामजद किया है। उनके साथ चार-पांच अन्य लोगों के शामिल होने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद जानकारी जुटाने पर इन लोगों के नाम सामने आए। पुलिस ने रविवार दोपहर में प्राथमिकी दर्ज कर ली। थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 08, 2026, 15:55 IST
देहरादून: जमीन बेचकर लौट रहे व्यक्ति से 14 लाख की लूट, मारपीट कर छीना रुपयों से भरा थैला #CityStates #Dehradun #Uttarakhand #DehradunNews #SellingLand #Loot #LootInDehradun #SubahSamachar
