Delhi Assembly: CM रेखा ने कहा- अरविंद केजरीवाल ने खुद को शहंशाह समझकर काम किया, सिस्टम को करते रहे गुमराह

दिल्ली विधानसभा में शीशमहल मामले पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ एक मकान का मामला नहीं, बल्कि सिस्टम को गुमराह करने और जनता के भरोसे से खिलवाड़ का मुद्दा है। कैग रिपोर्ट में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर इस मामले को जांच के लिए लोक लेखा समिति (पीएसी) को भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीशमहल केवल ईंट-पत्थर या सजावट का मामला नहीं है, बल्कि ये उस सोच को दिखाता है, जिसमें आम आदमी की बात करने वाला नेता खुद शाही जीवन जीने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने खुद को शहंशाह समझ लिया था और जनता को अपनी प्रजा की तरह देखा। सीएम ने कहा कि कैग रिपोर्ट एक नैतिक गिरावट का दस्तावेज है, जो दिखाती है कि किस तरह सादगी का दावा करने वाली सरकार पर भव्यता हावी हो गई। उन्होंने शेर पढ़ते हुए कहा कि वो जहर देते तो दिख जाता, उन्होंने दवा देना बंद कर दिया। सीएम ने इसे जनता के साथ धोखा बताया। मकान की लागत बढ़कर 62 करोड़ मुख्यमंत्री ने बताया कि जिस आवास को लेकर विवाद है, उसमें 50 एसी, 70 पंखे, महंगे झूमर, इम्पोर्टेड कॉफी मशीन, प्रीमियम फ्रिज और खाने के लिए अलग लिफ्ट जैसी सुविधाएं लगाई गईं। उन्होंने ये भी कहा कि इस प्रोजेक्ट में अलग-अलग कामों के लिए कई कंसल्टेंट रखे गए और लागत करीब 8 करोड़ से बढ़कर 62 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। उन्होंने सवाल उठाया कि कोविड-19 के समय, जब लोग इलाज और ऑक्सीजन के लिए जूझ रहे थे, तब इस आवास का निर्माण लगातार जारी रहा। ये खर्च सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि कई अन्य नेताओं के सरकारी आवासों पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए गए। सीएम ने लॉन्च किया दिल्ली बजट एप दिल्ली सरकार ने बजट को आम लोगों तक आसान तरीके से पहुंचाने के लिए दिल्ली बजट मोबाइल एप लॉन्च किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अब नागरिक मोबाइल पर ही बजट की पूरी जानकारी देख सकेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा के सदन में बुधवार को वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा करते हुए बजट एप जारी किया। ये एप एनआईसी ने तैयार किया है जिसका मकसद बजट प्रक्रिया को पेपरलेस बनाना है। इस एप के जरिये लोग बजट स्पीच, एनुअल फाइनेंशियल स्टेटमेंट, एप्रोप्रिएशन बिल, इकोनॉमिक सर्वे और विभागवार डिटेल एक ही जगह पर देख सकते हैं। ये एप गूगल प्ले स्टोर और एपल एप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से लोगों को कभी भी, कहीं भी बजट की जानकारी मिलेगी। प्रवेश वर्मा ने पढ़ी खर्चों की लंबी लिस्ट,कोविड में धन के दुरुपयोग का आरोप दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन कथित शीशमहल का मामला सबसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा रहा। कैग रिपोर्ट को आधार बनाकर सत्ता पक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शीशमहल पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सदन में उस आवास में लगाए गए सामानों की लंबी सूची पढ़नी शुरू की, जो रिपोर्ट में दर्ज है। ये सूची इतनी लंबी थी कि इसे पढ़ते-पढ़ते सदन के कई चक्कर लग गए, लेकिन सूची खत्म नहीं हुई। मंत्री ने महंगे फर्नीचर, पर्दे, लाइटिंग, टीवी, जिम उपकरण, किचन आइटम और लग्जरी सुविधाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कोविड काल में सरकारी पैसे का खुला दुरुपयोग किया गया। अपने भाषण की शुरुआत उन्होंने शेर से की और कहा कि कुछ कुर्सी के कीड़ों ने पूरी दिल्ली को खा लिया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने सीएम बनने के समय सादगी की शपथ ली थी, लेकिन कुछ समय में उन्होंने सरकारी बंगला लिया और बाद में उसे शीशमहल में बदल दिया। मंत्री ने दावा किया कि शीशमहल के साथ दूसरा निर्माण भी शुरू किया गया था, जिसे शीशमहल पार्ट-2 बताया। इस पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए गए। कश्मीर के 110 छात्रों ने सदन की कार्यवाही देखी दिल्ली विधानसभा में कश्मीर युवा विनिमय कार्यक्रम के तहत दिल्ली आए जम्मू-कश्मीर के 110 छात्रों ने सदन की कार्यवाही देखी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से समझा। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि युवाओं का लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़ना बेहद जरूरी है। छात्रों की मौजूदगी सदन के सदस्यों को गरिमा और अनुशासन बनाए रखने की याद दिलाती है। पंजाब मुद्दे पर निंदा प्रस्ताव पास विधानसभा में बुधवार को पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। कैबिनेट मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने आप पर भ्रष्टाचार, दबाव और अत्याचार के गंभीर आरोप लगाए। मंत्री ने पंजाब की आप सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि वहां अफसरों और आम लोगों पर दबाव बनाकर काम कराया जा रहा है। उन्होंने पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के जीएम गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के दबाव के चलते उन्हें मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से पंजाब में डर का माहौल बन गया है। मंत्री ने इन हालात के लिए अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि वे सुपर सीएम की तरह काम कर रहे हैं। सदन से दूर न भागे विपक्ष चर्चा में आए : विजेंद्र गुप्ता विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने विपक्ष के नेताओं और विधायकों से सदन में आकर चर्चा में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सदन से दूरी बनाना लोकतांत्रिक जिम्मेदारी से बचना है। अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार सदन से दूरी बना रहे हैं, जिससे यह संदेश जाता है कि उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि चाहे कैग रिपोर्ट हो, पीएसी की रिपोर्ट हो या बजट पर चर्चा, विपक्ष इन अहम मुद्दों पर सदन में बोलने के बजाय बाहर बैठा है। ये जनता की उम्मीदों के खिलाफ है। अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष दोनों की बराबर जिम्मेदारी होती है। अगर विपक्ष अपनी भूमिका सही तरीके से नहीं निभाएगा, तो भविष्य में जनता भी भरोसा करने से हिचकेगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 26, 2026, 04:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Delhi Assembly: CM रेखा ने कहा- अरविंद केजरीवाल ने खुद को शहंशाह समझकर काम किया, सिस्टम को करते रहे गुमराह #CityStates #DelhiNcr #DelhiAssembly #CmRekhaGupta #ArvindKejriwal #SubahSamachar