Murder: थप्पड़ का बदला लेने के लिए युवक को जंगल में घसीटकर चाकू-ईंट से मार डाला, नाबालिग समेत दो पकड़े गए

मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके के बलजीत नगर में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। थप्पड़ मारने की रंजिश में शुक्रवार रात 21 वर्षीय युवक काव्य शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने चाकू और ईंट से उस पर तब तक हमला किया जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विराट उर्फ गट्टू (22) और 15 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और ईंट बरामद कर ली है। मामले में बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि काव्य शर्मा अपने परिवार के साथ बलजीत नगर में रहता था और एक फैक्टरी में काम करता था। शुक्रवार रात वह अपने दो दोस्तों के साथ रामजस पार्क स्थित पंजाबी बस्ती से गुजर रहा था। इसी दौरान आठ-दस लड़कों के समूह ने तीनों को घेर लिया और हमला करने की कोशिश की। हमले के दौरान काव्य के दोनों दोस्त मौके से भाग निकले, लेकिन आरोपी उसे पकड़कर पास के जंगल की ओर घसीटकर ले गए। वहां चाकू और ईंट से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। काव्य के सीने पर चाकू के कई घाव मिले पुलिस के अनुसार, काव्य के सीने पर चाकू के कई घाव मिले, जबकि चेहरे और सिर पर ईंट से हमला किया गया था। दोस्त की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। देर रात कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया। दो दिन पहले हुई कहासुनी में जड़ा था थप्पड़ प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काव्य और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दो दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसी दौरान काव्य ने कांची नामक युवक को थप्पड़ मार दिया था। उस समय दोस्तों ने बीचबचाव करा दिया था, लेकिन आरोपी बदले की फिराक में थे। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुराग के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 17, 2026, 02:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Murder: थप्पड़ का बदला लेने के लिए युवक को जंगल में घसीटकर चाकू-ईंट से मार डाला, नाबालिग समेत दो पकड़े गए #CityStates #DelhiNcr #Delhi #Murder #SubahSamachar