Chamba News: सुखधार में बैंक शाखा खोलने की मांग
सुखधार में बैंक शाखा खोलने की मांगपैसे निकालने के लिए लगानी पड़ रही 40 किमी की दौड़संवाद न्यूज एजेंसीचुराह (चंबा)। हिमगिरी क्षेत्र के तहत सुखधार में ग्रामीण या किसी अन्य बैंक की शाखा खोलने की मांग जोर पकड़ने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई सालों से लगातार बैंक शाखा खोलने की मांग की जा रही है लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो पाई है। सुखधार क्षेत्र का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सहित आसपास का मुख्य बाजार भी है। क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के लोगों की आवाजाही यहीं से होती है। इससे इसकी उपयोगिता और बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि बैंक शाखा खुलने से क्षेत्र की बीस हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।ग्रामीणों अमित कुमार, दिनेश कुमार, किशोर कुमार, अशोक कुमार, हरीश कुमार आदि ने बताया कि सुखधार में बैंक शाखा न होने से चीह, पंजेही, हिमगिरि, आयल, बनांतर और भलोड़ी पंचायतों को बैंक से लेन-देन करने के लिए 40 किलोमीटर का सफर तय कर सलूणी या तीसा की दौड़ लगानी पड़ती है। इतना ही नहीं, क्षेत्र में कोई अचानक बीमार हो जाए तो उसके उपचार के लिए अपने ही पैसे बैंक से निकलवाने को अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पेंशनधारकों, स्कूली बच्चों, युवाओं और मनरेगा श्रमिकों को भी बैंकिंग सेवाओं के लिए दूरस्थ इलाकों का रुख करना पड़ता है। इससे समय और आर्थिक संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन सहित चुराह प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए यहां ग्रामीण बैंक या किसी अन्य बैंक की शाखा शीघ्र खोली जाए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 11, 2026, 15:41 IST
Chamba News: सुखधार में बैंक शाखा खोलने की मांग #DemandForOpeningOfBankBranchInSukhdhar #SubahSamachar
