Una News: नगर पंचायत अंब को नगर परिषद का दर्जा देने की उठी मांग

पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को सौंपा ज्ञापनसंवाद न्यूज ऐजेंसी।अंब (ऊना)। नगर पंचायत अंब के प्रतिनिधयों ने अंब को नगर परिषद का दर्जा देने की मांग को प्रमुखता से उठाया है। इस संबंध में नगर पंचायत अंब की अध्यक्ष इंदु धीमान की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में चिंतपूर्णी विधानसभा में दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपा है। अध्यक्षा इंदु धीमान ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि नगर परिषद बनाए जाने के लिए न्यूनतम 5 हजार की जनसंख्या और 10 लाख रुपये वार्षिक आय का मापदंड निर्धारित है। उन्होंने बताया कि नपं अंब की वर्तमान जनसंख्या लगभग 10 हजार के करीब है, जो निर्धारित मापदंड से कहीं अधिक है। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत अंब न केवल आय, बल्कि क्षेत्रफल के सभी आवश्यक मानकों को भी पूरा करती है। इंदु ने बताया कि नपं हाउस द्वारा इस संबंध में पहले ही प्रस्ताव पारित किया जा चुका है और नगर पंचायत को नगर परिषद बनाने की मांग डायरेक्टर अर्बन डेवलपमेंट (यूआरडी) के समक्ष भी रखी गई है। बता दें बुधवार को मुख्यमंत्री सुक्खू चिंतपूर्णी विस क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने अंब क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न सड़कों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इस दौरे को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने पंचायत प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि नगर पंचायत अंब को नगर परिषद का दर्जा देने के मामले में जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर नपं अंब वार्ड पार्षद अंजलि सूद, अशोक कुमार, कुलदीप कुमार, नरेश कुमारी, अनुसूईया रानी सहित अन्य पार्षद और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 05, 2026, 20:08 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: नगर पंचायत अंब को नगर परिषद का दर्जा देने की उठी मांग #DemandRaisedToGiveNagarPanchayatAmbTheStatusOfMunicipalCouncil #SubahSamachar