Kurukshetra News: 34 घरों में मिला डेंगू का लार्वा, 14 लोगों को नोटिस
कुरुक्षेत्र। बारिश के मौसम में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला मलेरिया विभाग ने जिलेभर में अभियान तेज कर दिया है। चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान विभाग की टीमों ने 6,621 घरों और 16,584 पानी के कंटेनरों की जांच की। इस दौरान 34 घरों और 36 कंटेनरों में डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर का लार्वा मिला। टीमों ने मौके पर ही लार्वा नष्ट कराया और लापरवाही बरतने वाले 14 लोगों को नोटिस थमा दिए।जिले में अब तक डेंगू का केवल एक मरीज मिला है, जो उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है। सोमवार को नौ लोगों के सैंपल जांच के लिए लिए गए, लेकिन किसी भी नए मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई। जिले में अब तक डेंगू के 1,263 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। वहीं मलेरिया की स्थिति भी नियंत्रण में है। फिलहाल मलेरिया का कोई नया मामला सामने नहीं आया। जिले में अब तक 49,981 ब्लड स्लाइड और 1,240 रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (आरडीटी) किए जा चुके हैं, जिनमें किसी मरीज में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।जिला मलेरिया विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप ने कहा कि बारिश के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों को फैलने का मौका दे सकती है। उन्होंने लोगों से सप्ताह में एक दिन ड्राई-डे मनाने, कूलर, टंकी, बाल्टी, ड्रम और गमलों की तश्तरियों का पानी नियमित रूप से बदलने तथा घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूरे बाजू के कपड़े पहनें, मच्छरदानी और मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 22, 2026, 03:58 IST
Kurukshetra News: 34 घरों में मिला डेंगू का लार्वा, 14 लोगों को नोटिस #DengueLarvaeFoundIn34Homes;NoticesIssuedTo14People. #SubahSamachar
