Una News: उपनिदेशक ने परखी शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और व्यवस्थाएं
दौलतपुर चौक (ऊना)। शिक्षा उपनिदेशक ऊना अनिल कुमार तख्खी ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत वीरवार को पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दौलतपुर चौक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशासनिक कार्यों, अभिलेखों, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा समग्र व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित पाई गईं। निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने विद्यालय के कक्षों, प्रयोगशालाओं, कार्यालय, अभिलेखों तथा अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में अनुशासन, स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण एवं प्रभावी प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने शिक्षकों को भविष्य में भी बेहतर शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित करने तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. गुलशन पठानिया ने निरीक्षण दल का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 17, 2026, 00:00 IST
Una News: उपनिदेशक ने परखी शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और व्यवस्थाएं #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
