Pauri News: देवप्रयाग में शराब ठेके के विरोध में महिलाओं का अनशन 15वें दिन भी जारी

- प्रशासन ने रिपोर्ट के लिए मांगा समयदेवप्रयाग में शराब ठेके के विरोध में महिलाओं का अनशन 15वें दिन भी जारीदेवप्रयाग। शराब के ठेके के विरोध में स्थानीय महिलाओं का संघर्ष लगातार जारी है। आबादी क्षेत्र से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर चल रहा धरना और क्रमिक अनशन रविवार को 15वें दिन भी जारी रहा। इस बीच आंदोलन स्थल पर पहुँचीं उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने अनशनकारी महिलाओं को आश्वस्त किया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में तहसील प्रशासन और आबकारी विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने बताया कि ठेके के स्थानांतरण के लिए उपयुक्त और निर्विवाद भूमि की तलाश की जा रही है, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट आगामी मंगलवार तक जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी द्वारा जो भी अंतिम निर्णय लिया जाएगा, प्रशासन उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएगा।वहीं दूसरी ओर, अनशन पर बैठीं कैलासी देवी और सुनीता देवी ने उपजिलाधिकारी के सामने अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि वर्तमान स्थान पर ठेका होने से क्षेत्र का माहौल पूरी तरह खराब हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराबी आए दिन महिलाओं का पीछा करते हैं और पवित्र मंदिर परिसर के भीतर शराब की बोतलें फेंक रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है। महिलाओं ने पुरजोर मांग की है कि ठेके को किसी ऐसे स्थान पर शिफ्ट किया जाए जहाँ दूर-दूर तक कोई बस्ती या स्कूल न हो। आंदोलन को समर्थन देते हुए जिला पंचायत सदस्य पुष्पा रावत और क्षेत्र पंचायत सदस्य सीताराम रानाकोटी ने कहा कि जब तक शराब का ठेका वर्तमान स्थल से हट नहीं जाता, तब तक यह आंदोलन और क्रमिक अनशन किसी भी सूरत में समाप्त नहीं होगा। इस मौके पर सुनीता देवी, कौशल्या देवी, शशि, डबली देवी, ऊषा देवी धरने में शामिल हुई। वार्ता के दौरान थाना प्रभारी प्रशांत बहुगुणा, भुईट प्रधान सारिका रावत, पूर्व प्रधान उमेर सिंह, प्रमोद नारायण व धनवीर आदि मौजूद थे। जारी--राजेश

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 29, 2026, 15:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Pauri News: देवप्रयाग में शराब ठेके के विरोध में महिलाओं का अनशन 15वें दिन भी जारी #Devprayag.TheStruggleByLocalWomenAgainstTheLiquorOutletContinuesUnabated #SubahSamachar