Rewari News: धारूहेड़ा में बदहाल सार्वजनिक शौचालय होंगे दुरुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी धारूहेड़ा। नगर क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति सुधारने के दावों के बीच धारूहेड़ा के कई सार्वजनिक शौचालय बदहाल हो चुके हैं। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच नगर पालिका धारूहेड़ा ने वर्ष 2026-27 के लिए सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव के लिए 13.35 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। नगर पालिका द्वारा जारी निविदा के अनुसार इच्छुक एजेंसियां 30 जून तक अपने आवेदन जमा कर सकती हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को नगर क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। शहर के कई सार्वजनिक शौचालयों में नियमित सफाई नहीं होने से दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। कुछ स्थानों पर पानी की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है जबकि कई शौचालयों में टूटे दरवाजे, खराब सीटें और खराब पड़ी लाइटें लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। नगर के व्यस्त बाजारों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बने शौचालयों का उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग करते हैं। इसके बावजूद रखरखाव की कमी के कारण सुविधाएं अपेक्षित स्तर पर नहीं हैं। कई बार लोगों ने नगर पालिका से शिकायत भी की लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। स्वच्छता अभियान और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से सार्वजनिक शौचालयों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। यदि इनकी नियमित सफाई और देखरेख न हो तो संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे में नगर पालिका द्वारा जारी किया गया नया टेंडर लोगों के लिए राहत की उम्मीद लेकर आया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 24, 2026, 16:16 IST
Rewari News: धारूहेड़ा में बदहाल सार्वजनिक शौचालय होंगे दुरुस्त #DilapidatedPublicToiletsInDharuheraToBeRepaired. #SubahSamachar
