Kangra News: पनालथ में गिरा जर्जर रेन शेल्टर, बड़ा हादसा टला
जवाली (कांगड़ा)। जवाली-नगरोटा सूरियां मार्ग पर पनालथ में एक जर्जर रेन शेल्टर मंगलवार रात अचानक गिरकर मलबे में तब्दील हो गया। गनीमत यह रही कि हादसा रात के समय हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दिन के समय यहां सुबह और शाम को नजदीकी सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थियों सहित दर्जनों यात्री बसों के इंतजार में बैठते हैं।स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में सड़कों के किनारे बने कई रेन शेल्टर बदहाल स्थिति में हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। इसी मार्ग पर स्थित नागनी माता मंदिर, हार और बासा के रेन शेल्टरों की हालत भी बेहद खस्ता हो चुकी है। इनकी दीवारों में गहरी दरारें आ चुकी हैं और भारी बारिश के कारण इनके भी गिरने का खतरा बना हुआ है। आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इनकी मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।क्षेत्रवासियों ने पीडब्ल्यूडी से मांग की है कि मानसून के दौरान किसी भी अनहोनी से बचने के लिए इन जर्जर रेन शेल्टरों की तुरंत सुध ली जाए और मरम्मत कार्य कराया जाए। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी जवाली के अधिशासी अभियंता मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के जर्जर रेन शेल्टरों की जल्द मरम्मत करवाई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 28, 2026, 19:40 IST
Kangra News: पनालथ में गिरा जर्जर रेन शेल्टर, बड़ा हादसा टला #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
