Bulandshahar News: सौर ऊर्जा से रोशन होंगे जिला व महिला चिकित्सालय
बुलंदशहर। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय व महिला चिकित्सालय सौर ऊर्जा से रोशन होंगे। इनमें 138 किलोवाट के सोलर प्लांट लगेंगे। इनके लगने से दोनों चिकित्सालयों में 50 से 80 प्रतिशत तक बिजली की बचत होगी। साथ ही भारी भरकम बिजली के बिल से निजात भी मिलेगी। वहीं मेडिकल कॉलेज में 392 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया जाएगा। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से 177 बेड का जिला चिकित्सालय व 100 बेड का जिला महिला चिकित्सालय संबद्ध चल रहे हैं। दोनों चिकित्सालयों में हर वार्ड में लाइट और पंखे हैं। इनके अलावा यहां डिजिटल एक्सरे मशीन, सामान्य एक्सरे मशीन, डायलिसिस यूनिट, ऑपरेशन थियेटर, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी लैब व ब्लड बैंक हैं। साथ ही मिनी आईसीसीयू भी संचालित हैं। दोनों जगह प्रत्येक माह लाखों रुपये का बिजली बिल आता है। बिल कम करने के लिए दोनों चिकित्सालयों में सोलर प्लांट लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रोजेक्ट कंपनी की ओर से करीब एक माह में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद ऊर्जा निगम से कुछ ही मात्रा में बिजली सप्लाई ली जाएगी।दोनों चिकित्सालयों में सोलर प्लांट लगवाने की प्रक्रिया शुरू करवा दी गई है। दोनों जगह करीब 138 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया जा रहा है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में भी 392 किलोवाट का सोलर प्लांट लगवाया जा रहा है। इससे 50 फीसदी तक बिजली की बचत होगी। - डॉ. संजय मिश्रा, कार्यवाहक प्राचार्य, कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 31, 2026, 19:24 IST
Bulandshahar News: सौर ऊर्जा से रोशन होंगे जिला व महिला चिकित्सालय #BulandshahrNews #SubahSamachar
