गोरखपुर में हर्ष फायरिंग: मनबढ़ ने पहले 2 गोली हवा में मारी..तीसरी गोली DJ ऑपरेटर के सिर में लगी- मौत

गगहा थाना क्षेत्र के पांडेयपार गांव में शनिवार रात हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से बरात में आए डीजे ऑपरेटर छोटू (18) की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी है। जानकारी के अनुसार, कौड़ीराम निवासी शुभ्रांश कसौधन की बरात पांडेयपार स्थित बलुआ बाबा मंदिर के पास बने एक मैरेज हाॅल में पहुंची थी। बरात के मंदिर के पास पहुंचते ही किसी व्यक्ति ने कई राउंड हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली गौशाला, गोला निवासी डीजे ऑपरेटर छोटू के सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोग उसे पीएचसी कौड़ीराम ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने छोटू को मृत घोषित कर दिया। एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि बरात में शामिल लोगों से पूछताछ की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं, ताकि फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान हो सके। दो गोली हवा में मारी, संतुलन बिगड़ा तो तीसरी डीजे ऑपरेटर के सिर में राउंड में बिगड़ा संतुलन गगहा थाना क्षेत्र के पांडेयपार में हर्ष फायरिंग के मामले में प्रत्यक्षदर्शियों ने चौंकाने वाले तथ्य बताए हैं। उनके अनुसार आरोपी ने पहले दो राउंड फायरिंग हवा में की। उस समय लोग इसे सामान्य हर्ष फायरिंग समझकर नजरअंदाज करते रहे। हालांकि, तीसरी बार फायरिंग करते समय आरोपी का संतुलन अचानक बिगड़ गया और गोली सीधे डीजे ऑपरेटर के सिर में जा लगी। शादी के लिए लड़की पक्ष फरीदाबाद से आया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोली चलने की आवाज के साथ ही मौके पर भगदड़ मच गई। बराती और स्थानीय लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए शादी का माहौल पूरी तरह अफरा-तफरी में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शादी के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। बर्थडे पार्टी में हुई थी फायरिंग हाल ही में बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया था। यह मामला बेलघाट थाना के मड़हा गांव का है। पुलिस दोनों आरोपियों के पास से पिस्टल, 44 कारतूस और कार भी बरामद किया। केस दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था। एम्स इलाके में हुई थी हर्ष फायरिंग नवंबर 2024 में एम्स इलाके में दीपक सिंह के घर शादी थी। बशारतपुर के रहने वाले विनोद कुमार ने टेंट लगाया था। बरात में आए लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। गोली विनोद के कंधे में लगी। पुलिस ने इस मामले में प्रशांत यादव और राहुल यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 15, 2026, 11:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




गोरखपुर में हर्ष फायरिंग: मनबढ़ ने पहले 2 गोली हवा में मारी..तीसरी गोली DJ ऑपरेटर के सिर में लगी- मौत #CityStates #Gorakhpur #GorakhpurHindiNews #CrimeNews #SubahSamachar