रजिस्ट्री व इंतकाल कार्य के लिए अतिरिक्त शुल्क न दें : नायब तहसीलदार
गुहला-चीका। नायब तहसीलदार बलराज सिंह मलिक ने आमजन से अपील की है कि रजिस्ट्री, इंतकाल या तहसील से संबंधित किसी भी कार्य के लिए किसी बाहरी व्यक्ति को अतिरिक्त शुल्क न दें। केवल सरकार की ओर से निर्धारित फीस ही जमा करें। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा ऑटोम्यूटेशन का नया सॉफ्टवेयर लागू किया गया है। फिलहाल तकनीकी कारणों से इंतकाल दर्ज एवं मंजूर होने तथा लोन दर्ज व फर्द से संबंधित कार्यों में कुछ देरी हो रही है। मुख्यालय स्तर पर इन तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और जल्द ही सभी कार्य सामान्य गति से होने लगेंगे। नायब तहसीलदार ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति तहसील के कार्य के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग करता है तो उसकी लिखित शिकायत कार्यालय में दें। ऐसे मामलों पर प्रशासन की लगातार निगरानी है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें तथा सभी सरकारी सेवाएं पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही नागरिकों से अपील की कि तकनीकी सुधार होने तक धैर्य बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 27, 2026, 02:44 IST
रजिस्ट्री व इंतकाल कार्य के लिए अतिरिक्त शुल्क न दें : नायब तहसीलदार #DoNotPayExtraChargesForRegistrationAndMutationWork:NaibTehsildar #SubahSamachar
