Delhi: बुजुर्ग महिला के घर से लाखों के गहने चुराने वाली सहायिका गिरफ्तार, गूगल पर सोने का भाव देखने पर खुलासा
राजधानी दिल्ली के केशवपुरम इलाके में एक घरेलू सहायिका सुखवती ने 82 साल की बुजुर्ग मालकिन के घर से लाखों के गहनों की चोरी कर ली। चोरी करने के दौरान उसने कोई सुराग नहीं छोड़ा था, लेकिन पति की एक गलती ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। दरअसल, पति के फोन की जांच में पता चला कि उसने वारदात के कुछ दिन पहले गूगल पर सोने का भाव देखा था। यही से पुलिस का शक गहरा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला सुखवती के कब्जे से ढ़ाई सौ ग्राम सोने के गहने बरामद कर लिए। पुलिस मामले की छानबीन कर उसके पति के अपराध में संलिप्तता की जांच कर रही है। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 15 अप्रैल को केशवपुरम थाना पुलिस को 82 साल की बुजुर्ग संतोष देवी के घर में लाखों के गहने चोरी होने की शिकायत मिली। मौके पर छानबीन के दौरान पीड़िता ने बताया कि घर से 250 ग्राम सोने के गहने चोरी हुए हैं। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। साथ ही बुजुर्ग महिला के घर आने जाने वाले लोगों से पूछताछ की। जिसमें उनकी घरेलू सहायिका सुखवती और उसका पति उमेश भी शामिल था। सुखवती ने घर में चोरी करने से इंकार कर दिया। लेकिन उसके पति उमेश के फोन की जांच में पुलिस को पता चला कि वारदात से कुछ दिन पहले उमेश ने गूगल पर सोने के भाव की जानकारी ली थी। उसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और उसने दोनों से कड़ाई से पूछताछ की। जिसमें पता चला कि लालच में आकर सुखवती ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके निशानदेही से लारेंस रोड स्थित झुग्गी से ढाई सौ ग्राम सोने के गहने बरामद कर लिए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला पर पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 21, 2026, 04:08 IST
Delhi: बुजुर्ग महिला के घर से लाखों के गहने चुराने वाली सहायिका गिरफ्तार, गूगल पर सोने का भाव देखने पर खुलासा #CityStates #Delhi #DelhiNcr #DelhiCrimeNews #DelhiNewsCrime #CrimeExpose #SubahSamachar
