Kangra News: नूरपुर के चौगान बाजार में मलबे से भरा नाला, निकासी ठप
नूरपुर (कांगड़ा)। शहर के व्यस्त चौगान बाजार में नेशनल हाईवे किनारे स्थित बरसाती नाले में फोरलेन बाइपास का मलबा जमा होने से पानी की निकासी ठप हो गई है, जो स्थानीय दुकानदारों के लिए भारी मुसीबत बना हुआ है। दुकानदारों द्वारा नूरपुर सुधार सभा की अगुवाई में प्रशासन (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपने के बाद बुधवार को फोरलेन निर्माण कंपनी के मैनेजर उमा प्रताप सिंह ने मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।दौरे के दौरान कंपनी मैनेजर ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि यदि वीरवार को मौसम साफ रहा तो जेसीबी मशीन और मजदूरों (लेबर) की मदद से नाले से मलबा हटाकर पानी की निकासी तुरंत बहाल कर दी जाएगी। उधर, सामाजिक संस्था नूरपुर सुधार सभा के प्रधान प्रमोद महाजन ने बताया कि फोरलेन निर्माण कार्य के कारण बारिश के दौरान मिट्टी बहकर नाले में जमा हो जाती है, जिससे नाला पूरी तरह बंद हो जाता है। इसके चलते बारिश का पानी नाले के बजाय सड़क पर आ जाता है। इससे वाहनों की आवाजाही के दौरान दुकानदारों और राहगीरों पर कीचड़ के छींटे पड़ते हैं, वहीं सड़क सूखने पर दिनभर धूल का गुबार उड़ता रहता है। उन्होंने निर्माण कंपनी से इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करने की पुरजोर मांग की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 29, 2026, 21:01 IST
Kangra News: नूरपुर के चौगान बाजार में मलबे से भरा नाला, निकासी ठप #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
