Kangra News: चैतड़ू के पास एक माह से निकासी नाली बंद

चैतड़ू के पास एक माह से निकासी नाली बंदसड़क पर पानी बहने से वाहन चालक, राहगीर परेशानस्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग बेखबर संवाद न्यूज एजेंसीधर्मशाला। गगल-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर चैतड़ू के समीप करीब एक माह से सड़क किनारे पड़ा मलबा स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। मलबे के कारण सड़क के किनारे बनी नाली पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे नाली का पानी सीधे सड़क पर बह रहा है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पैदल चलने वाले लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि करीब एक माह पहले सड़क किनारे यह मलबा गिरा था लेकिन संबंधित विभाग ने अब तक इसे यहां से हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की। अमी चंद, पवन कुमार, अशोक कुमार, पिंकू, राजेश, संजीव कुमार, लेखराज, अश्वनी कुमार और सुरेश ने बताया कि सड़क पर लगातार बह रहे पानी से फिसलन की स्थिति बनी रहती है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। यदि समय रहते नाली की सफाई कर मलबा नहीं हटाया गया तो जल निकासी पूरी तरह बाधित हो जाएगी। इससे सड़क को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हो सकता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है। एनएचएआई के इंजीनियर अनिल तोमर ने बताया कि सड़क किनारे पड़े मलबे की जानकारी उनके संज्ञान में है। जल्द मलबा हटाकर नाली को सुचारु किया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 15, 2026, 17:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: चैतड़ू के पास एक माह से निकासी नाली बंद #DrainageOutletNearChaitaruBlockedForAMonth. #SubahSamachar