Noida News: गामा-1 में 16 से सजेगा दुर्गा पूजा महोत्सव
महाष्टमी पर कुमारी पूजा, 20 अक्तूबर को डांडिया-गरबा नाइट; बंगाली संस्कृति की दिखेगी झलकग्रेटर नोएडा। बंगीय समाज की ओर से 16 से 21 अक्तूबर तक गामा-1 स्थित सामुदायिक केंद्र में शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का उद्घाटन 16 अक्तूबर को जिलाधिकारी मेधा रूपम करेंगी। महोत्सव में प्रतिदिन सुबह और शाम मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और आरती होगी। 19 अक्तूबर को महाष्टमी के अवसर पर कुमारी पूजा विशेष आकर्षण रहेगी। इसमें कन्या को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर पूजा की जाती है।समिति की सचिव पिंकी कंसबानिक ने बताया कि महोत्सव के माध्यम से बंगाली संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इससे सभी आयु वर्ग के लोग उत्सव से जुड़ सकेंगे।छह दिवसीय महोत्सव में बंगाली संस्कृति, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। 20 अक्तूबर को डांडिया और गरबा नाइट आयोजित की जाएगी। इसके अलावा परिसर में खानपान के स्टॉल, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और महिलाओं के लिए आभूषण व पारंपरिक साज-सज्जा की वस्तुओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजकों का उद्देश्य बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के साथ विभिन्न समुदायों को एक मंच पर जोड़ना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 14, 2026, 20:48 IST
Noida News: गामा-1 में 16 से सजेगा दुर्गा पूजा महोत्सव #DurgaPujaFestivalToBeCelebratedInGamma-1StartingThe16th. #SubahSamachar
