Jind News: सीएलजी की पहल से ई-रिक्शा विवाद का हुआ समाधान

जींद। जिला पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन में कम्युनिटी लायजन ग्रुप (सीएलजी) द्वारा आपसी सहमति से विवादों का निपटारा करने की पहल सफल साबित हो रही है। इसी कड़ी में ई-रिक्शा खरीद-फरोख्त से जुड़े एक विवाद का समाधान बिना न्यायालय जाए और बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के करवाया गया।पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने उत्तरवादी से एक इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदा था। इसके लिए उसने 35 हजार रुपये डाउन पेमेंट दी थी तथा शेष राशि किस्तों में देने का वादा किया था। कुछ दिनों तक ऑटो चलाने के बाद उसने वह वाहन वापस कर दिया। उसी डाउन पेमेंट पर 1.20 लाख रुपये कीमत की नई ई-रिक्शा ले ली। इसके लिए उसने प्रतिमाह पांच हजार रुपये किस्त देने का आश्वासन दिया। करीब चार माह तक ई-रिक्शा चलाने के बाद शिकायतकर्ता ने वाहन को खराब बताते हुए वापस कर दिया और अपनी राशि लौटाने की मांग की। मामले की सुनवाई के दौरान सीएलजी-3 ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाया। बातचीत के बाद दोनों पक्ष समझौते पर सहमत हो गए। समझौते के तहत उत्तरवादी ने ई-रिक्शा के उपयोग का किराया काटकर शेष 8500 रुपये शिकायतकर्ता को लौटा दिए। इस समाधान से दोनों पक्ष संतुष्ट हो गए। इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर पीसी. जैन, एससी पाहवा, बीएम पंवार, एसपीओ बबली तथा गृह रक्षी राजीव मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 20, 2026, 18:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Jind News: सीएलजी की पहल से ई-रिक्शा विवाद का हुआ समाधान #E-rickshawDisputeResolvedThroughCLGInitiative. #SubahSamachar