Bhiwani News: शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष ने निर्माणाधीन अटल बहुउद्देशीय सभागार और शाखाओं का किया निरीक्षण
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने मंगलवार को बोर्ड परिसर में निर्माणाधीन अटल बहुउद्देशीय सभागार का निरीक्षण किया तथा विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली और लंबित फाइलों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शंकर लाल धूपड़ ने सबसे पहले निर्माणाधीन अटल बहुउद्देशीय सभागार का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण स्थल पर अव्यवस्थित रूप से पड़ी निर्माण सामग्री पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभागार के निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने बोर्ड कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बोर्ड के कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने लंबित फाइलों और मामलों का जल्द निपटान करने के आदेश भी दिए। बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक बार का निरीक्षण नहीं है बल्कि भविष्य में भी विभागीय कार्यों की समीक्षा के लिए नियमित रूप से इसी प्रकार निरीक्षण किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बोर्ड कार्यालय में आए विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से भी संवाद किया तथा बोर्ड की सेवाओं और सुविधाओं के बारे में उनकी राय जानी। लोगों ने अपने अनुभव साझा किए, जिनमें कई ने बोर्ड की कार्यप्रणाली की सराहना की जबकि कुछ ने सुधार संबंधी सुझाव भी दिए। शंकर लाल धूपड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें तथा आमजन के साथ संवाद के दौरान विनम्र और सहयोगपूर्ण व्यवहार बनाए रखें। उन्होंने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रदेशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के हित में पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 22:10 IST
Bhiwani News: शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष ने निर्माणाधीन अटल बहुउद्देशीय सभागार और शाखाओं का किया निरीक्षण #EducationBoardChairmanInspectedTheUnder-constructionAtalMultipurposeAuditoriumAndBranches. #SubahSamachar
