छत्तीसगढ़ में एक अनोखा विवाह: एक दूल्हे ने दो दुल्हन संग लिए सात फेरे, दोनों प्रेमिकाओं के परिवार थे राजी
कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक अंतर्गत बैलगांव में हाल ही में एक अनोखी शादी चर्चा का केंद्र बन गई है, जहां एक युवक ने दो युवतियों के साथ एक ही मंडप में विवाह रचाया। यह त्रिकोणीय विवाह क्षेत्र में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, बैलगांव निवासी हितेश यादव का दोनों युवतियों—फूलबती नाग और यामिनी देहारी—से पूर्व से ही प्रेम संबंध था। हितेश ने सबसे पहले शंकरपुर (फरसगांव) निवासी फूलबती को विवाह का प्रस्ताव दिया, लेकिन उस समय उसने मना कर दिया। इसके बाद हितेश ने बनियागांव (धनोरा) निवासी यामिनी को शादी के लिए प्रस्ताव दिया, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। हालांकि, बाद में फूलबती ने भी विवाह के लिए सहमति जताई। ऐसे में तीनों पक्षों और उनके परिवारों ने आपसी सहमति से इस अनोखे विवाह का निर्णय लिया। खास बात यह रही कि दोनों दुल्हनों के परिवार बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंचे और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। इस विवाह में ओबीसी और आदिवासी समाज के लोगों सहित ग्रामीणों की भी बड़ी भागीदारी रही। बताया जा रहा है कि पूरे कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द और सहमति का माहौल देखने को मिला। हालांकि, इस मामले को लेकर अभी तक किसी भी समाज की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इधर, यह अनोखी शादी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 27, 2026, 17:11 IST
छत्तीसगढ़ में एक अनोखा विवाह: एक दूल्हे ने दो दुल्हन संग लिए सात फेरे, दोनों प्रेमिकाओं के परिवार थे राजी #CityStates #Chhattisgarh #WeddingNews #Kondagaon #CgNewsToday #SubahSamachar
