Hamirpur (Himachal) News: बिजली कर्मचारियों ने की स्थायी भर्ती शुरू करने, ओपीएस बहाली की मांग

नादौन/रंगस (हमीरपुर)। राज्य बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन की नादौन इकाई की बैठक मंगलवार को नादौन बाजार में आयोजित हुई। बैठक में स्थायी भर्ती शुरू करने, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने और कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई।बैठक की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष नितिश भारद्वाज ने की। उन्होंने कहा कि यूनियन के महासम्मेलन को 10 माह बीत चुके हैं लेकिन मुख्यमंत्री की घोषणाएं अब तक पूरी नहीं हुई हैं और न ही बोर्ड प्रबंधन ने यूनियन को वार्ता के लिए बुलाया है।इससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने बोर्ड प्रबंधन से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द बैठक आयोजित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नादौन इकाई के कर्मचारियों ने सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं। इनमें रेन सेफ्टी शूज, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, सेफ्टी ग्लव्स और बारिश के दौरान उपयोग होने वाले अन्य सुरक्षा उपकरणों की कमी प्रमुख है। उन्होंने प्रबंधन से इन उपकरणों को शीघ्र उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड के कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं लेकिन कर्मचारियों की संख्या में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है।लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया रुकी होने के कारण कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही है। उन्होंने बोर्ड में जल्द स्थायी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री और बोर्ड प्रबंधन से जेओए (आईटी) कर्मचारियों की पुष्टि प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की भी मांग की है।बैठक में राज्य कार्यालय सचिव पंकज परमार, संगठन सचिव राकेश चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, सचिव रजत कौंडल सहित नादौन इकाई के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 21, 2026, 17:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hamirpur (Himachal) News: बिजली कर्मचारियों ने की स्थायी भर्ती शुरू करने, ओपीएस बहाली की मांग #HamirpurNewsHpNews #SubahSamachar