Mandi News: जोगिंद्रनगर में मेला कारोबारियों की बिजली काटी, कारोबार चौपट
जोगिंद्रनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय देवता मेले में मेला कारोबारियों की बिजली काटने से कारोबारियों का काम अचानक बंद होने से माहौल गरमा गया है। प्रशासन की ओर से बढ़ाई गई अवधि के बीच जबरन बिजली काटने पर मेला कारोबारियों ने स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। मेला कारोबारियों का आरोप है कि उन्हें बिना सूचित किए ही बिजली सेवाओं को बाधित कर दिया गया है। मेला मैदान में मौजूद उनके साजो सामान की सुरक्षा को लेकर भी खतरा पैदा हो गया है। बिना बिजली के मेला मैदान अंधेरे में डूब जाने से कारोबारियों में दहशत का माहौल है। सोमवार को मेले में ग्राहकों की चहलकदमी के बीच अचानक बिजली सेवाएं ठप हो जाने से कारोबारी साहिल और महेश का कहना था कि प्रशासन से उन्हें 15 से 20 अप्रैल तक मेले में आजीविका कमाने की राहत प्रदान की थी। इसी बीच मेला कारोबारियों की बिजली अचानक काट देने से उनकी आजीविका पर खतरा मंडरा गया है। कुछ कारोबारियों ने इस रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए उनके नुकसान की भरपाई की मांग की है। एक से पांच अप्रैल तक जोगिंद्रनगर में आयोजित राज्य स्तरीय देवता मेले में पहले खराब मौसम और बारिश के खलल ने कारोबारियों को सताया और अब अचानक बिजली सेवाएं ठप हो जाने से कारोबार चौपट हो गया है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता रमेश सकलानी ने कहा कि मेला मैदान में लगे बिजली मीटर को हटाने का आवेदन संबंधित ठेकेदार से प्राप्त हुआ है। इस पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 13, 2026, 17:28 IST
Mandi News: जोगिंद्रनगर में मेला कारोबारियों की बिजली काटी, कारोबार चौपट #ElectricitySupplyToFairTradersInJogindernagarWasCut #DisruptingBusiness. #SubahSamachar
