Haridwar News: खारा यूनिट के पास आपसी संघर्ष में हाथी की मौत
लालढांग। हरिद्वार वन विभाग की श्यामपुर रेंज के खारा यूनिट के समीप एक मखना हाथी की आपसी संघर्ष में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आपसी संघर्ष के बाद बाघ ने हाथी पर हमला कर उसके शरीर को भी नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हाथी के शव का स्वास्थ्य परीक्षण कर उसे वहीं दफना दिया। वन क्षेत्राधिकारी श्यामपुर विनय राठी ने बताया कि सोमवार सुबह खारा यूनिट के वन कर्मी गश्त पर निकले थे, तभी कुछ ही दूरी पर उन्हें एक हाथी लहूलुहान हालत में दिखाई दिया। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी विनय राठी, उप प्रभागीय वनाधिकारी पूनम कैंथोला, डॉक्टरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके का जायजा लेने पर हाथी के आपसी संघर्ष के बाद बाघ के हमला करने का भी अंदेशा लगाया जा रहा है। उप प्रभागीय वनाधिकारी पूनम कैंथोला ने बताया कि मृत हाथी मखना था, जिसकी टस्कर से आपसी संघर्ष हुआ था। हाथी के कान के बगल का मांस खाया प्रतीत होने के साथ ही उसके शरीर में अनेक स्थानों में बाघ के पंजे के निशान दिखाए दे रहे थे। हाथी के शव का पोस्टमार्टम कर दफना दिया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 19:23 IST
Haridwar News: खारा यूनिट के पास आपसी संघर्ष में हाथी की मौत #ElephantDiesInAFightNearKharaUnit #SubahSamachar
