Emmanuel Macron Hindi Message To PM Modi: मैक्रों ने हिंदी बोलकर पीएम मोदी को दी विदाई, देखें वीडियो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा का समापन सिर्फ कूटनीतिक बैठकों और समझौतों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक भावनात्मक संदेश ने इस दौरे को खास बना दिया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंदी में बोलकर प्रधानमंत्री मोदी को विदाई दी और भारत-फ्रांस की दोस्ती को अमर बताया। मैक्रों के इस अंदाज ने न सिर्फ सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरीं, बल्कि दोनों देशों के गहरे और भरोसेमंद रिश्तों की भी एक नई तस्वीर दुनिया के सामने रख दी। फ्रांस की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिली एक खास विदाई… और इस विदाई में था दोस्ती, सम्मान और भरोसे का एक अनोखा संदेश। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को विदा करते हुए हिंदी में कहा, “प्रिय मित्र नरेंद्र, मुझे बहुत खुशी है। दौरे के लिए शुक्रिया करता हूं। फ्रांस-भारत की दोस्ती अमर रहे।” हिंदी में संदेश देने के बाद मैक्रों ने मुस्कुराते हुए पूछा, “क्या मैंने सही बोला” राष्ट्रपति मैक्रों का यह अंदाज देखते ही देखते सोशल मीडिया और कूटनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में प्रधानमंत्री मोदी के सफल फ्रांस दौरे की सराहना करते हुए कहा कि फ्रांस, भारत के साथ अपनी मित्रता को बेहद महत्व देता है और दोनों देश आने वाले वर्षों में और करीब आएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से जल्द फिर मुलाकात की उम्मीद भी जताई। फ्रांस में आयोजित भारत इनोवेट्स 2026 कार्यक्रम में मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी के रिकॉर्ड राजनीतिक कार्यकाल की भी खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी और इसे भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। मैक्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने भारत की तकनीकी और वैज्ञानिक प्रगति की भी सराहना की और कहा कि युवा आबादी, विशाल प्रतिभा और हर साल बड़ी संख्या में तैयार होने वाले इंजीनियर भारत को नवाचार का वैश्विक केंद्र बना रहे हैं। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सिर्फ जनसंख्या के आधार पर ही नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी विकास के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, आने वाले समय में वैश्विक चुनौतियों के समाधान में भारत की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मैक्रों ने चंद्रयान-3 मिशन को भारत की वैज्ञानिक क्षमता का शानदार उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कर भारत ने इतिहास रचा और दुनिया को अपनी तकनीकी ताकत का परिचय दिया। उन्होंने मिशन की कम लागत और तेज निष्पादन की भी विशेष सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस यात्रा ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि भारत और फ्रांस के संबंध केवल रणनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच गहरा विश्वास, आपसी सम्मान और व्यक्तिगत मित्रता भी मौजूद है। मैक्रों का हिंदी में दिया गया संदेश सिर्फ एक विदाई नहीं, बल्कि भारत-फ्रांस रिश्तों की गहराई का प्रतीक बन गया। कूटनीति के मंच पर यह संदेश बता गया कि दोनों देशों की दोस्ती अब रणनीतिक साझेदारी से आगे बढ़कर भावनात्मक जुड़ाव का रूप ले चुकी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 19, 2026, 03:13 IST
Emmanuel Macron Hindi Message To PM Modi: मैक्रों ने हिंदी बोलकर पीएम मोदी को दी विदाई, देखें वीडियो #IndiaNews #National #PmModiFranceVisit2026 #EmmanuelMacronHindiVideo #PriyMitraNarendra #EmmanuelMacronHindiMessageToPmModi #MacronMessageToPmModi #PmModiAddressesIndianDiasporaInParis #PmModiParisSpeech #PmModiParisVisit #PmModiFranceVisit #SubahSamachar
