Roorkee News: सरकारी कार्यों में सरल एवं सहज हिंदी के प्रयोग पर जोर
राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान (एनआईएच) रुड़की में बृहस्पतिवार को सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी का प्रगामी प्रयोग एवं संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण से संबंधित जानकारी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं राजभाषा प्रभारी डॉ. सोबन सिंह रावत ने किया।इस अवसर पर डॉ. रावत ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सरकारी कार्यों के दौरान सरल एवं सहज हिंदी के प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि संस्थान की ओर से प्रत्येक तिमाही में इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण में संस्थान को मिली सफलता के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई भी दी।मुख्य वक्ता बीएचईएल हरिद्वार के वरिष्ठ प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी विनीत वशिष्ठ ने सरकारी कामकाज में हिंदी के बढ़ते प्रयोग, संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण की प्रक्रिया एवं निरीक्षण संबंधी प्रश्नावली में भरे जाने वाले विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी। निजी सचिव पवन कुमार ने कार्यालयी कार्यों में प्रचलित शब्दों एवं वाक्यांशों के सार्थक और समुचित उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यशाला का संचालन करते हुए वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी सपना मीना ने कहा कि विषय की उपयोगिता कर्मचारियों और अधिकारियों को दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करेगी। कार्यशाला में डॉ. कुलदीप शर्मा, डॉ. रुचिर पाटीदार, डॉ. ऋचा पांडेय, डॉ. हर्ष उपाध्याय, राजेश अग्रवाल, संदीप कुमार, महेंद्र सिंह, अरुण कुमार, नरेश कुमार, राजकुमार देवांसी, गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 25, 2026, 19:01 IST
Roorkee News: सरकारी कार्यों में सरल एवं सहज हिंदी के प्रयोग पर जोर #EmphasisOnTheUseOfSimpleAndAccessibleHindiInOfficialWork #SubahSamachar
