Fact Check: दो महीने पुराने यूक्रेन के वीडियो को ईरान-इस्राइल युद्ध से जोड़कर किया जा रहा शेयर

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में ड्रोन से एक बिल्डिंग पर हमला होते हुए नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान ने बहरीन के अमेरिकी अधिकारियों के आवास वाले एक होटल पर हमला किया। अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो यूक्रेन का है। क्या है दावा सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान ने बहरीन के अमेरिकी अधिकारियों के आवास वाले एक होटल पर हमला किया। अनवर खान नाम के एक्स यूजर ने लिखा, ”बहरीन में अमेरिकी अधिकारियों के आवास वाले एक होटल पर ईरानी ड्रोन द्वारा सीधा हमला।" पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं। इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। पड़ताल इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें olegkiev7 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 9 जनवरी 2026 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां लिखा है कि कीव में ऊंची इमारत पर हुए हमले के सबसे भयावह क्षणों में से एक पोजन्याकी इलाका था, जिसे रात के हमले के दौरान सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। इसके बाद हमें वायरल वीडियो पर "КАШТАН news".लिखा हुआ मिला। इसके बाद हमनेКАШТАН news सर्च किया। यहां हमें इसका यूट्यूब चैनल मिला। यहां वायरल वीडियो 10 जनवरी 2026 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि 9 जनवरी, 2026, कीव। हम एक रूसी ड्रोन द्वारा एक आवासीय इमारत पर हमले का फुटेज प्रकाशित कर रहे हैं। यहां से पता चलता है कि वायरल वीडियो कीव का है। इसके साथ ही यह इस्राइल-अमेरिका और ईरान युद्ध से पहले का है। अब आगे की पड़ताल के लिए हमने कीवर्ड से सर्च किया। इस दौरान हमें रॉयटर्स की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 9 जनवरी 2026 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में लिखा है कि यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को रूसी ड्रोन हमलों में कीव में चार लोग मारे गए। इसके साथ ही कम से कम 19 लोग घायल हुए और घरों व बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। राजधानी के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर टकाचेंको और मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर लिखा कि आधी रात (2200 जीएमटी) से ठीक पहले शुरू हुए इन हमलों में चार लोग मारे गए। क्लिट्स्को ने बताया कि 19 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 14 का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पड़ताल का नतीजा हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को यूक्रेन की राजधानी कीव का पाया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 11, 2026, 15:26 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Fact Check: दो महीने पुराने यूक्रेन के वीडियो को ईरान-इस्राइल युद्ध से जोड़कर किया जा रहा शेयर #FactCheck #National #UkraineRussiaWar #Kivi #IranIsraelWar #SubahSamachar