Haridwar News: मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में बनाए जा रहे थे फर्जी आधार और मार्कशीट
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में मोबाइल रिपयेरिंग की दुकान में फर्जी आधार कार्ड और मार्कशीट बनाए जाने का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से फर्जी आधार कार्ड, कूटरचित हाईस्कूल अंकतालिकाएं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी पुनीत निवासी ग्राम कासमाबाद थाना स्योहारा बिजनौर हाल पिपलेश्वर मंदिर रावली महदूद को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 फरवरी को सिडकुल थानाध्यक्ष नितेश शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने पिपलेश्वर मंदिर के पास रावली महदूद स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान पर छापा मारा। जहां दुकान संचालक पुनीत कुमार फर्जी आधार कार्ड और मार्कशीट तैयार करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि सिडकुल क्षेत्र में नौकरी करने आने वाले बाहरी राज्यों के लोगों को स्थानीय पते के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। वह आधार कार्ड में नाम-पता और उम्र में बदलाव कर प्रिंट निकालकर ग्राहकों को उपलब्ध कराता था।एसएसपी ने बताया कि तलाशी के दौरान दुकान से एक लैपटॉप, चार्जर, कलर प्रिंटर-स्कैनर, की-बोर्ड, चार आधार कार्ड (जिनमें दो कूटरचित पाए गए) और नौ हाईस्कूल अंकतालिकाओं की कूटरचित छायाप्रतियां बरामद की गईं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। आरोपी ने अब तक कितने लोगों को फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 13:10 IST
Haridwar News: मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में बनाए जा रहे थे फर्जी आधार और मार्कशीट #FakeAadhaarAndMarksheetsWereBeingMadeInAMobileRepairShop #SubahSamachar
