Purple Revolution: भद्रवाह में लैवेंडर की बंपर फसल से खिले किसानों के चेहरे, घाटी में दो दिवसीय महोत्सव आज से

भद्रवाह घाटी के छोटे और सीमांत किसानों के चेहरे इन दिनों लैवेंडर की बंपर फसल की उम्मीद से खिल उठे हैं। पारंपरिक मक्का की खेती छोड़कर केंद्र सरकार के अरोमा मिशन (बैंगनी क्रांति) से जुड़ने वाले किसानों को इस वर्ष अनुकूल मौसम और समय पर हुई बारिश के कारण उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादन की उम्मीद है जिससे इसका बाजार मूल्य भी बढ़ेगा। शिवा पंचायत के रायी गांव के करीब 20 किसान परिवारों ने इसे अपनाकर सफलता की नई इबारत लिखी है। लैवेंडर मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध तौकीर बागबान और महिला किसान मीना कटोच ने इस सफलता का श्रेय केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और सीएसआईआर-आईआईआईएम के प्रयासों को दिया है। भद्रवाह में 6 और 7 जून को दो दिवसीय चौथा 'लैवेंडर महोत्सव' आयोजित किया जा रहा है, जिसकी इस वर्ष की थीम लैवेंडर गोज ग्लोबल रखी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य यहां के उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार की 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' योजना के तहत लैवेंडर को डोडा जिले का ब्रांड उत्पाद घोषित किया गया है। इससे स्थानीय किसानों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचने और अपना जीवन स्तर सुधारने में बड़ी मदद मिल रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 06, 2026, 01:17 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Purple Revolution: भद्रवाह में लैवेंडर की बंपर फसल से खिले किसानों के चेहरे, घाटी में दो दिवसीय महोत्सव आज से #CityStates #Jammu #Bhaderwah #Lavender #PurpleRevolution #SubahSamachar