Roorkee News: नदी की खोदाई करने पहुंची सिंचाई विभाग की टीम का किसानों ने किया विरोध
ग्रामीण बोले- पुल की एक साइड टूटने से 15 से अधिक गांव का टूट जाता है संपर्क मार्गलंढौरा। सोलानी नदी पुल के नीचे खोदाई करने पहुंची सिंचाई विभाग की टीम को किसानों का विरोध झेलना पड़ा। इसके चलते विभाग की टीम खोदाई किए बिना ही वापस लौट गई। बता दें कि जौरासी सोलानी नदी में पानी अधिक आने पर पानी का रुख खादर क्षेत्र की ओर घूम जाता है जिससे एक साइड की सड़क टूट जाती है। पुल की एक साइड टूटने से 15 से अधिक गांव का संपर्क मार्ग टूट जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रविवार को सिंचाई विभाग एसडीओ राजबीर सिंह टीम के साथ पॉप लाइन मशीन लेकर नदी के प्रवाह को सही करने के लिए खोदाई करने पहुंची थी। खोदाई करने से पहले ही किसानों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध करना शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि जिस स्थान पर खोदाई की जा रही है, वह किसानों की निजी भूमि है और इन खेतों में फसलें खड़ी हुई है। इस दौरान मौके पर पहुंचे तहसीलदार यूसुफ अली ने किसानों से बात की लेकिन किसान पैमाइश के बाद ही खोदाई करने की जिद पर अड़े रहे। नायब तहसीलदार यूसुफ अली का कहना है कि अगर नदी का प्रवाह सीधा नहीं किया गया तो पानी अधिक आने पर पुल का संपर्क मार्ग टूट जाएगा। नायब तहसीलदार का कहना है कि दोबारा पैमाइश के बाद खोदाई का कार्य किया जाएगा। विरोध करने वालों में जावेद आलम, मोहम्मद साहिल, सत्तार, इरफान, शकील, अफ्फान, शहजाद, वसीम और इशरत आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 12, 2026, 19:00 IST
Roorkee News: नदी की खोदाई करने पहुंची सिंचाई विभाग की टीम का किसानों ने किया विरोध #FarmersProtestedTheIrrigationDepartmentTeamThatArrivedToExcavateTheRiver #SubahSamachar
