'चार गुना मुआवजा दो या जमीन वापस करो': किसानों ने की भाैतिक सत्यापन की मांग, CM को ज्ञापन साैंपने का एलान
आगरा में इनर रिंग रोड और लैंड पार्सल तृतीय फेज के भूमि अधिग्रहण के 15 साल बाद भी मुआवजा नहीं मिलने से आक्रोशित किसानों ने शनिवार को मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जमीन के भौतिक सत्यापन की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि उन्हें आज के सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा दें अन्यथा उनकी जमीन वापस कराएं। इन्ही मांगों को लेकर किसानों ने रविवार को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का एलान भी किया है। किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने कहा कि अधिग्रहित की जा रही जमीन पर पहले से ही सैकड़ों लोग मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। एडीए अधिकारी मौके की इस सच्चाई को शासन से छिपाना चाहते हैं। फर्जी रिपोर्ट्स के आधार पर भू अर्जन हुआ। अवैध कॉलोनियां बस गईं, जिनमें प्लॉट खरीदार फंस गए हैं। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्लॉट धारक डॉ. महावीर सिंह और नरेंद्र सिंह ने बताया कि 24 मार्च, 2026 को कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य के नेतृत्व में उनकी मुलाकात सीएम योगी से हुई थी। सीएम ने मामले में साक्ष्यों के साथ रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन मंडलायुक्त ने अभी तक भौतिक सर्वे का आदेश नहीं दिया है। किसानों की मांग है कि वर्ष 2002 से 2010 तक की जमीनी हकीकत और लेखपालों की पुरानी सर्वे रिपोर्ट को भी जांच में शामिल किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान देवेंद्र सिंह अग्रवाल, सीपी पाठक, सतेंद्र तोमर, रामप्रकाश सिंह और मुकेश कुमार सहित कई किसान मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 17:09 IST
'चार गुना मुआवजा दो या जमीन वापस करो': किसानों ने की भाैतिक सत्यापन की मांग, CM को ज्ञापन साैंपने का एलान #CityStates #Agra #AgraDevelopmentAuthority #LandAcquisition #AgraNews #SubahSamachar
