सहरसा में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार ट्रक ने ली गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र की जान, हेलमेट भी नहीं बचा सका
बिहार के सहरसा जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार देर शाम सोनवर्षा प्रखंड के काशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-107 पर हुए भीषण सड़क हादसे में गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों व्यापारिक काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव कोपा में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पेट्रोल पंप के पास हुआ दर्दनाक हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोपा गांव निवासी 55 वर्षीय सागर केशरी अपने पुत्र श्रवण केशरी के साथ गुरुवार देर शाम स्प्लेंडर बाइक (BR 43 U 1670) से सोनवर्षा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान परड़िया पंचायत के मैना गांव स्थित पेट्रोल पंप और पानी टंकी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (BR 0 GD 5246) ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हेलमेट भी नहीं बचा सका जान हादसा इतना भीषण था कि पुत्र श्रवण केशरी की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्रवण ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी जान नहीं बच सकी। वहीं गंभीर रूप से घायल सागर केशरी को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पढे़ं:देश की राजधानी में बस के अंदर सामूहिक दुष्कर्म का मामला, बिहार के नंबर की थी बस; नया खुलासा एक झटके में उजड़ गया परिवार बताया जा रहा है कि मृतक पिता-पुत्र गल्ला खरीद-बिक्री का कारोबार करते थे और इसी से परिवार का भरण-पोषण होता था। एक ही हादसे में घर के दो कमाऊ सदस्यों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही काशनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरार चालक की तलाश जारी है। घटनास्थल पर उमड़ी भीड़, प्रशासन पर सवाल हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बताया जा रहा है कि सोनवर्षा क्षेत्र में बीते एक महीने के भीतर सड़क हादसों में चार लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में बेलगाम रफ्तार पर लगाम लगाने में प्रशासन की नाकामी पर सवाल उठने लगे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 14, 2026, 20:35 IST
सहरसा में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार ट्रक ने ली गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र की जान, हेलमेट भी नहीं बचा सका #CityStates #Crime #Bihar #Kosi #BiharNews #SaharsaNews #KosiNews #RoadAccident #SubahSamachar
