Kushinagar News: दो बेटियों की हत्या का आरोपी पिता गिरफ्तार
तमकुहीरोड (कुशीनगर)। सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट एहतमाली गांव के देवनारायण टोला में दो सगी बहनों की पीट-पीटकर हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पिता को पुलिस ने बुधवार को 48 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पिता के चेहरे में बेटियों के हत्या का थोड़ा भी सिकन नहीं दिखा। कई बार पूछने पर पुलिसकर्मियों से बोला कि दुनिया में इज्जत से बढ़कर कुछ नहीं है। दोनों बेटियों के चलते मेरा परिवार बिखर गया था, रिश्तेदार आना बंद कर दिए थे, बेटों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया था। सुधरने के लिए बहुत मौका दिया था। अब कत्ल के अलावा दूसरा कुछ कोई रास्ता नहीं बचा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट एहतमाली गांव के देवनारायण टोला में लाली (20)और शीला (18)गांव के दो सजातीय युवकों से प्रेम करती थी। घर वालों के मना करने बावजूद वह नहीं मान रही थी। सोमवार को दोपहर पिता रामप्रसाद निषाद ने अपने दो नाबालिग बेटों की मदद से बेटियों की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद दोनों नाबालिग भाइयों को मौके से पुलिस ने हिरासत में ले लिया था,जबकि आरोपी पिता फरार चल रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों युवतियों के प्रेम संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, दोनों बहनें पहले भी कई बार घर छोड़कर जा चुकी थीं। इसी तनाव के बीच करीब आठ माह पूर्व उनकी मां ने कथित तौर पर जहर खाकर जान दे दी थी। इसके बावजूद परिवार में विवाद समाप्त नहीं हुआ था। सोमवार की रात पुलिस को आरोपी के बेदूपार गांव के पास होने की सूचना मिली थी, लेकिन भनक लगने पर वह गन्ने के खेत के रास्ते फरार हो गया था। पुलिस टीम ने किसान पीजी कॉलेज के पास सरगटिया करनपट्टी मार्ग से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 11, 2026, 02:50 IST
Kushinagar News: दो बेटियों की हत्या का आरोपी पिता गिरफ्तार #KushinagarNews #SubahSamachar
