Chamba News: बेटी के निकाह से पहले उठा पिता का जनाजा

चुराह (चंबा)। नकरोड़-हिमगिरी मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। जिस घर में 2 जुलाई को बेटी के निकाह (शादी) की तैयारियां पूरे उत्साह से चल रही थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।हादसे में परिवार के मुखिया शुक्रदीन की मौत हो गई, जिससे बेटी की शादी की खुशियां गहरे शोक में बदल गईं। शुक्रदीन अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था और विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में थीं लेकिन शनिवार देर रात हुए हादसे ने परिवार की सारी खुशियों पर ग्रहण लगा दिया।एक ओर बेटी ने अपने पिता का साया खो दिया तो दूसरी ओर शादी का माहौल मातम में बदल गया। नकरोड़-हिमगिरी मार्ग पर डैम सड़क के समीप हुआ हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में शुक्रदीन के साथ उनके भतीजे सलमान की भी मौत हो गई। दोनों एक ही वाहन में सवार थे।हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। जिस आंगन में कुछ दिनों बाद खुशियां आने वाली थीं, वहां अब परिजनों की चीख-पुकार और मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए शोक व्यक्त किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 28, 2026, 22:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Chamba news hp news



Chamba News: बेटी के निकाह से पहले उठा पिता का जनाजा #ChambaNewsHpNews #SubahSamachar