FBI: नीतीश कौशल पर कसा शिकंजा, कौन है एफबीआई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हुआ गैंगस्टर?
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने भारतीय नागरिक और गैंगस्टर नीतीश कौशल को अपनी 'मोस्ट वांटेड' अपराधियों की सूची में शामिल कर लिया है। कौशल पर अमेरिका में हत्या, अपहरण और मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है। यह कार्रवाई एफबीआई द्वारा भगवानपुरिया गैंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। एफबीआई ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि नीतीश कौशल ने भगवानपुरिया गैंग की ओर से अपहरण, हमला और अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम दिया है। कौन है नीतीश कौशल एफबीआई के अनुसार, नीतीश कौशल एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन से जुड़ा है, जिस पर हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, रंगदारी वसूली, हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों में लिप्त होने के आरोप हैं। जांच एजेंसी ने चेतावनी दी है कि कौशल को हथियारबंद और बेहद खतरनाक माना जाए। उसके फरार होने की आशंका भी जताई गई है। एफबीआई ने लोगों से अपील की है कि अगर नीतीश कौशल के बारे में कोई जानकारी हो तो वे अपने नजदीकी एफबीआई कार्यालय, अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करें। भगवानपुरिया गैंग के खिलाफ बढ़ी सख्ती बयान में कहा गया है कि जग्गू भगवानपुरिया गैंग की शुरुआत भारत के पंजाब से हुई थी और इसका नेटवर्क अमेरिका के कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट सहित अन्य क्षेत्रों तक फैला हुआ है। एफबीआई के मुताबिक, कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्थित लॉस एंजिलिस की अमेरिकी जिला अदालत ने 25 जून को नीतीश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर रैकेटियर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशंस (RICO) साजिश के तहत आरोप लगाए गए हैं। एफबीआई की यह कार्रवाई 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के बाद हुई, जो भगवानपुरिया गैंग के खिलाफ चलाया गया एक समन्वित अंतरराष्ट्रीय अभियान था। इस अभियान के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप के कई देशों में छापेमारी और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई की गई। यह अभियान भारत से जुड़े अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट्स पर बढ़ती वैश्विक सख्ती को भी दर्शाता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 15, 2026, 05:58 IST
FBI: नीतीश कौशल पर कसा शिकंजा, कौन है एफबीआई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हुआ गैंगस्टर? #World #International #Fbi #GangsterNitishKaushal #FbiMostWantedList #SubahSamachar
