Hisar News: छोटी दिवाली पर बाजारों में उमड़ा उल्लास

हांसी। छोटी दिवाली पर शनिवार को हांसी के बाजार दीपोत्सव की रौनक से सराबोर नजर आए। सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी और हर ओर त्योहार की तैयारियों की चहल-पहल दिखाई दी। मिठाई-ड्राई फ्रूट्स, कपड़ों, गिफ्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा रहा। बाजारों में आधुनिक सजावटी सामान के मुकाबले परंपरा और संस्कृति की चमक अधिक दिखाई दी। चीन निर्मित लड़ियों और कृत्रिम सजावटी वस्तुओं को पीछे छोड़ते हुए मिट्टी के दीयों और देवी-देवताओं की मूर्तियों ने लोगों का मन मोह लिया।घरों के मुख्य द्वार, आंगन, छत और मंदिरों को रोशनी से सजाने के लिए लोगों ने रंग-बिरंगे और आकर्षक डिजाइन वाले दीये खरीदे। पूजन के लिए भगवान श्रीराम, शिव परिवार, श्रीगणेश, माता लक्ष्मी और बाल हनुमान की मूर्तियों की भी खूब मांग रही। दुकानदार बीरभान और सुरेंद्र ने बताया कि इस बार दीयों की बिक्री अच्छी रही है। लोग पारंपरिक मिट्टी के दीयों से घर रोशन करना पसंद कर रहे हैं। इससे स्थानीय कुम्हारों और कारीगरों को भी रोजगार मिल रहा है। फूलों का बाजार गुलजार, 200 रुपये किलो बिका गेंदा घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए फूलों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। पूजा-पाठ और सजावट के लिए गेंदे के फूलों की सबसे अधिक मांग देखने को मिली। गेंदा 200 रुपये प्रति किलो बिका। इसके अलावा गुलाब और अन्य सजावटी फूलों की भी खरीदारी हुई।स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पताल में बनाईं विशेष टीमें :दिवाली पर आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। हांसी नागरिक अस्पताल के सीएमओ डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने बताया कि विशेष टीमें गठित की गई हैं। सभी एसएमओ को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक अस्पताल में भी टीम तैनात रहेगी ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।दावा-बिजली कट की शिकायत मिलने पर तुरंत होगा समाधान :बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र मेहरा ने बताया कि त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। तकनीकी खराबी या बिजली कट की शिकायत मिलने पर तुरंत समाधान किया जाएगा। कंट्रोल रूम में भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है जो शहर और जिले की बिजली व्यवस्था पर नजर रखेंगे।रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए किए प्रबंध, बस स्टैंड पर भीड़ :हरियाणा रोडवेज के ट्रैफिक मैनेजर सतबीर सिंह यादव ने बताया कि हांसी क्षेत्र में 59 बसें यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए संचालित की जा रही हैं। त्योहार पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के बावजूद विभाग बेहतर परिवहन सुविधा देने का प्रयास कर रहा है। हालांकि शुक्रवार को बस स्टैंड पर यात्रियों को बसों के इंतजार में परेशानी हुई। दिल्ली जाने वाले यात्री दुलीचंद और राजेश ने बताया कि वे करीब एक घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं। त्योहार के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।-----------इन बातों का रखें ध्यान - पटाखे खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर चलाएं तथा निर्धारित नियमों का पालन करें।-ज्वलनशील पदार्थों, पेट्रोल पंपों, गैस सिलेंडरों एवं बिजली की तारों के नजदीक पटाखे न चलाएं।- दीपक एवं मोमबत्तियां जलाते समय पर्दों, कपड़ों तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं से उचित दूरी रखें।- घर से बाहर जाते समय बिजली के उपकरणों एवं गैस की आपूर्ति को अच्छी तरह जांच लें।-बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खरीदारी करते समय अपने सामान एवं वाहनों का ध्यान रखें। यातायात नियमों का पालन करें।- किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।-आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता के लिए डायल 112 पर संपर्क करें।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 07, 2026, 22:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hisar News: छोटी दिवाली पर बाजारों में उमड़ा उल्लास #FestiveFervorFillsTheMarketsOnChhotiDiwali #SubahSamachar