Toll Tax: बरेली-पीलीभीत हाईवे पर टोल टैक्स में 50 फीसदी की कटौती, जानिए अब कितना देना होगा शुल्क
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से हाईवे पर टोल टैक्स के नियमों में बदलाव किए जाने के आठ माह बाद बरेली-पीलीभीत हाईवे पर टोल टैक्स को आधा कर दिया गया है। हाईवे से रोजाना गुजरने वाले नौ हजार वाहनों के स्वामियों को इससे लाभ होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना दो जुलाई 2025 को जारी की थी। नए नियमों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्गों के उन हिस्सों पर टोल शुल्क में 50 फीसदी तक की कमी की गई है, जहां पुल, सुरंग, फ्लाईओवर या ऊंचे रास्ते जैसी संरचनाएं हैं। इस कदम से वाहन चालकों के लिए यात्रा का खर्च कम हो जाएगा। बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे का चौड़ीकरण चल रहा है। फिलहाल लोगों को सिर्फ बरेली-पीलीभीत हाईवे पर ही आधा टोल टैक्स देना होगा। अन्य हाईवे पर पुरानी दरों से ही टोल टैक्स वसूल किया जाएगा। रोजाना औसतन नौ हजार वाहन गुजरते हैं बरेली-पीलीभीत हाईवे के लभेड़ा टोल प्लाजा के प्रबंधक प्रयांशु सचान ने बताया कि अब तक भारी वाहनों से एक ओर से 115 रुपये टोल लिया जा रहा था। अब इसे प्रति वाहन 60 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह चार पहिया वाहनों से 70 के स्थान पर 40 रुपये टोल वसूल किया जा रहा है। टोल प्लाजा से रोजाना औसतन नौ हजार वाहन गुजरते हैं। एनएचएआई बरेली डिवीजन के परियोजना निदेशक नवरत्न ने बताया कि केवल बरेली-पीलीभीत हाईवे पर ही टोल दरों को घटाया गया है। अन्य हाईवे पर टोल दरें पूर्ववत रहेंगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 22, 2026, 13:28 IST
Toll Tax: बरेली-पीलीभीत हाईवे पर टोल टैक्स में 50 फीसदी की कटौती, जानिए अब कितना देना होगा शुल्क #CityStates #Bareilly #Pilibhit #UttarPradesh #TollTax #Bareilly-pilibhitHighway #Nhai #SubahSamachar
