5 लाख का चेक DM ने सौंपा: मृतक उमेश के परिजनों को मिला आर्थिक सहयोग, होली की रात गाड़ी से कुचलकर हो गई थी मौत
मोहद्दीपुर फ्लाईओवर पर चार मार्च को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उमेश शर्मा के परिवार को प्रशासन की ओर से रविवार को जेल रोड तिराहा स्थित आवास पर आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर डीएम दीपक मीणा ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये का चेक सौंपा। परिजनों ने सरकार से मांग की कि है कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, परिवार को सरकारी आवास, आयुष्मान कार्ड की सुविधा तथा दोनों बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाया जाए ताकि भविष्य सुरक्षित हो सके। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह से बातचीत में मृतक उमेश शर्मा के भाई राजेश शर्मा ने बताया कि परिवार पूरी तरह टूट गया है। उमेश ही घर के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके जाने के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। आरोपी गोल्डेन साहनी को कड़ी सजा दी जाए। उमेश के परिवार में पत्नी संजू शर्मा (47), बेटी तान्या शर्मा (19) और पुत्र राजीव शर्मा (12) हैं। डीएम ने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 09, 2026, 11:44 IST
5 लाख का चेक DM ने सौंपा: मृतक उमेश के परिजनों को मिला आर्थिक सहयोग, होली की रात गाड़ी से कुचलकर हो गई थी मौत #CityStates #Gorakhpur #SubahSamachar
